रोहित रॉय का नया अवतार: 'चुंबक' में रॉकस्टार की भूमिका में धमाल!
रोहित रॉय का नया किरदार 'चुंबक' में
मुंबई, 28 सितंबर। निर्देशक आतिश कपाड़िया की नई मल्टी-जेनरेशनल कॉमेडी ड्रामा वेब सीरीज 'चुंबक' में अभिनेता रोहित रॉय 'रोनित रॉय चौधरी' के रूप में नजर आएंगे। हाल ही में, अभिनेता ने इस सीरीज की प्रशंसा करते हुए अपने किरदार के बारे में जानकारी साझा की।
रोहित रॉय ने इंस्टाग्राम पर सीरीज के कुछ दृश्य साझा किए, जिसमें वह एक रॉकस्टार और नीना गुप्ता के प्रेमी के रूप में दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने पोस्ट में लिखा, "आपने अभी तक रोनित रॉय चौधरी (रोहित रॉय का किरदार) की केवल झलक देखी है! असली पिक्चर अभी बाकी है, दोस्तों! चुंबक के नए एपिसोड में एक अनोखा रॉकस्टार आने वाला है। अगर आपने पहले 8 एपिसोड नहीं देखे हैं, तो जरूर देखें, ताकि आप बाकी के एपिसोड का आनंद ले सकें। यह कमाल के आतिश कपाड़िया के लिए है, जिन्होंने इस पागलपन भरी कहानी को लिखा और निर्देशित किया है।"
इस सीरीज में रोहित रॉय का किरदार 'रोनित रॉय चौधरी' एक दिलचस्प भूमिका निभाता है, जिसका संबंध अभिनेत्री नीना गुप्ता के किरदार (रजनी मर्चेंट) से जुड़ा है, जो कहानी में एक महत्वपूर्ण मोड़ लाएगा।
नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही 'चुंबक' एक कॉमेडी-ड्रामा सीरीज है, जो मुंबई के एक पुराने और मिलनसार पड़ोस की कहानी को दर्शाती है। यह दिखाती है कि कैसे पड़ोसी एक-दूसरे के मामलों में दखल देते हैं, लेकिन संकट के समय एक परिवार की तरह एकजुट होते हैं। मुख्य कहानी रजनी (नीना गुप्ता) और उनके पति कुकू के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक अजीब स्थिति में तलाक लेने का निर्णय लेते हैं। इसके साथ ही, कॉलोनी के अन्य परिवारों के ड्रामे और रोजमर्रा की समस्याएं इस कहानी को और भी दिलचस्प बनाती हैं।
आतिश कपाड़िया द्वारा निर्देशित इस सीरीज में देवेन भोजानी, अर्जुन बिजलानी, हेली शाह, मानसी पारेख, संदीपा धर, सुमीत राघवन, अनंत वी. जोशी, अमायरा दस्तूर, डेलनाज ईरानी और अतुल कुमार जैसे कई कलाकार शामिल हैं। यह शो 10 सितंबर से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रहा है।
वेब सीरीज 'चुंबक' में कुल 16 एपिसोड हैं, जिन्हें दो भागों में रिलीज किया जा रहा है। पहला भाग 10 सितंबर से स्ट्रीम हो रहा है, जिसमें 8 एपिसोड शामिल हैं। वहीं, दूसरा भाग 1 अक्टूबर को रिलीज होगा, जिसमें भी 8 एपिसोड होंगे.
.png)