बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री संध्या शांताराम का निधन, जानें उनके करियर की खास बातें
संध्या शांताराम का निधन
मुंबई, 4 अक्टूबर। बॉलीवुड से एक दुखद समाचार सामने आया है। प्रसिद्ध अभिनेत्री और वी. शांताराम की तीसरी पत्नी, संध्या शांताराम, का निधन हो गया है। उन्होंने 87 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली। संध्या को उनके अभिनय और नृत्य कौशल के लिए जाना जाता था।
सूत्रों के अनुसार, संध्या का अंतिम संस्कार शनिवार को शिवाजी पार्क स्थित वैकुंठ धाम में किया जाएगा।
महाराष्ट्र सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी और सांस्कृतिक मामलों के मंत्री आशीष शेलार ने सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, "फिल्म 'पिंजरा' की प्रसिद्ध अभिनेत्री संध्या शांताराम के निधन की खबर बेहद दुखद है। उन्होंने मराठी और हिंदी सिनेमा में अपने अद्भुत अभिनय और नृत्य कौशल से दर्शकों पर एक अनूठी छाप छोड़ी। उनकी अमर भूमिकाएं हमेशा याद रहेंगी।"
संध्या शांताराम को मराठी और हिंदी सिनेमा में उनके शानदार अभिनय और नृत्य के लिए जाना जाता था। वह प्रसिद्ध फिल्मकार वी. शांताराम की तीसरी पत्नी थीं। उन्होंने अपनी दूसरी पत्नी जयश्री से तलाक लेने के एक महीने बाद संध्या से विवाह किया। दोनों ने फिल्म 'पिंजरा' में एक साथ काम किया था।
हालांकि संध्या ने बहुत सी फिल्में नहीं कीं, लेकिन उन्हें हिंदी सिनेमा की कुछ यादगार फिल्मों के लिए याद किया जाता है। वी. शांताराम ने 1951 में अपनी फिल्म 'अमर भूपाली' के लिए संध्या की प्रतिभा को पहचाना था। इस फिल्म में उन्होंने एक गायक का किरदार निभाया था।
उन्हें 'झनक झनक पायल बाजे', 'दो आंखें बारह हाथ', 'नवरंग', 'पिंजरा' और 'अमर भूपाली' जैसी फिल्मों के लिए आज भी याद किया जाता है। फिल्म 'झनक झनक पायल बाजे' में उन्होंने गोपी कृष्ण के साथ काम किया था, जिन्होंने उन्हें डांस सिखाया। इस फिल्म ने चार फिल्मफेयर पुरस्कार भी जीते थे।
.png)