क्या है Netflix की नई वेब सीरीज 'हम हिंदुस्तानी' में सैफ अली खान और प्रतीक गांधी की जोड़ी?
नेटफ्लिक्स की नई पेशकश 'हम हिंदुस्तानी'
मुंबई, 3 फरवरी। नेटफ्लिक्स जल्द ही एक नई वेब सीरीज 'हम हिंदुस्तानी' का प्रीमियर करने जा रहा है, जिसमें अभिनेता सैफ अली खान और प्रतीक गांधी पहली बार एक साथ नजर आएंगे। यह पीरियड ड्रामा स्वतंत्र भारत के पहले लोकतांत्रिक चुनाव की अनकही कहानी को दर्शाएगा।
यह सीरीज उस महत्वपूर्ण समय को जीवंत करेगी, जिसने भारतीय लोकतंत्र की नींव रखी। इसमें दिखाया जाएगा कि कैसे आजाद भारत में अधिकारियों की एक टीम अराजकता और चुनौतियों के बीच पहले आम चुनाव का आयोजन करने के लिए संघर्ष करती है। यह कहानी सच्ची घटनाओं पर आधारित है और उन लोगों की मेहनत, विश्वास और साहस को उजागर करती है, जिन्होंने भारत के लोकतंत्र को स्थापित किया।
टीम का कहना है कि यह सीरीज न केवल दर्शकों का मनोरंजन करेगी, बल्कि आज के युवाओं को यह भी बताएगी कि भारत का लोकतंत्र कितनी मेहनत और संघर्ष से बना है। उन्होंने कहा, "हर हिंदुस्तानी को वोट देने का अधिकार है, और यह देश के सबसे महत्वपूर्ण वादों में से एक है। यही 'हम हिंदुस्तानी' में दर्शाया गया है। इस ऐतिहासिक घटना को जमीनी स्तर पर काम करने वालों की नजर से दिखाना हमारी जिम्मेदारी और सौभाग्य दोनों है। यह विश्वास, साहस और सामूहिक प्रयास की कहानी है, जिसने आज के भारत को आकार दिया। हमें राहुल ढोलकिया के विजन को नेटफ्लिक्स पर लाने और इस चैप्टर को सही तरीके से दर्शकों के सामने पेश करने पर गर्व है। हम इसके लिए उत्साहित हैं।"
'हम हिंदुस्तानी' के निर्देशक और लेखक राहुल ढोलकिया हैं, जिनकी फिल्में सामाजिक मुद्दों पर गहरी नजर रखती हैं। इस सीरीज का निर्माण एम्मे एंटरटेनमेंट द्वारा किया गया है। निर्माता मोनिशा आडवाणी, मधु भोजवानी और निखिल आडवाणी हैं। इस सीरीज में सैफ अली खान और प्रतीक गांधी के साथ दीपक डोबरियाल, मिमी चक्रवर्ती, सारिका और श्रद्धा डांगर जैसे सितारे भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
.png)