क्या है Netflix की नई थ्रिलर 'अक्यूज्ड' की कहानी? जानें कोंकणा सेन और अन्य कलाकारों के बारे में!
नेटफ्लिक्स की नई थ्रिलर 'अक्यूज्ड' को मिल रहा है दर्शकों का प्यार
मुंबई, 3 मार्च। नेटफ्लिक्स की नई मनोवैज्ञानिक थ्रिलर फिल्म 'अक्यूज्ड' को दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। इसकी कहानी और कलाकारों के प्रदर्शन की खूब तारीफ हो रही है। इस सीरीज में कोंकणा सेन शर्मा, प्रतिभा रांटा और अनुज सचदेवा जैसे कलाकार शामिल हैं।
दिलचस्प बात यह है कि प्रतिभा ने कोंकणा के साथी का किरदार निभाया है, जबकि अनुज ने उनके भाई का रोल किया है। अनुज ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर कोंकणा के साथ अपने अनुभव साझा किए।
उन्होंने एक तस्वीर के साथ लिखा, "कोंकणा मैम के साथ काम करना मेरे लिए एक आशीर्वाद जैसा है। उनके साथ काम करते हुए हर दिन कुछ नया सीखने को मिला। दूसरी तस्वीर में हमारी निर्देशक अनुभूति कश्यप अंतिम दिन, फाइनल शॉट से पहले गहरी सोच में डूबी हुई थीं, जैसे कहानी का हर भाव अपने भीतर समेटे हुए हों।"
अनुज ने आगे कहा, "ये कुछ पर्दे के पीछे की झलकियां हैं, जो शायद आप 'अक्यूज्ड' देखते समय नहीं देख पाएंगे। अगली स्लाइड में मेरे परिवार की तस्वीरें भी हैं, जो फिल्म के सेट का हिस्सा बनीं। अंत में, असली हीरो हमारी शानदार टीम हैं, जिन्होंने वारसॉ की ठंड में मेहनत करके इस कहानी को जीवंत किया।"
अनुभूति कश्यप द्वारा निर्देशित यह फिल्म धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले रिलीज होगी। यह कहानी लंदन में काम करने वाली एक प्रतिभाशाली लेस्बियन डॉक्टर गीतिका पर आधारित है, जिसे एक अनजान सोशल मीडिया पोस्ट के बाद यौन शोषण के आरोपों का सामना करना पड़ता है। यह सीरीज दर्शाती है कि कैसे 'सेक्शुअल प्रिडेटर' का लेबल लगने से उसकी जिंदगी और रिश्ते (मीरा के साथ) प्रभावित होते हैं।
वेब सीरीज 'अक्यूज्ड' 27 फरवरी से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है, जिसमें कोंकणा सेन शर्मा (डॉ. गीतिका), प्रतिभा रांटा (मीरा), सुकांत गोयल और आदित्य नंदा जैसे कलाकार शामिल हैं।
.png)