Movie prime

क्या है 'मेड इन कोरिया' की कहानी? जानें प्रियंका मोहन की नई फिल्म का ट्रेलर

नेटफ्लिक्स पर आने वाली फिल्म 'मेड इन कोरिया' का ट्रेलर हाल ही में जारी किया गया है। यह कहानी एक छोटे शहर की लड़की शेनबा की है, जो सियोल की तेज रफ्तार जिंदगी में खुद को ढालने की कोशिश करती है। प्रियंका मोहन मुख्य भूमिका में हैं, और फिल्म में दो अलग-अलग संस्कृतियों का खूबसूरत चित्रण किया गया है। जानें इस फिल्म की कहानी और रिलीज की तारीख के बारे में।
 
क्या है 'मेड इन कोरिया' की कहानी? जानें प्रियंका मोहन की नई फिल्म का ट्रेलर

नेटफ्लिक्स की नई पेशकश 'मेड इन कोरिया'


मुंबई, 4 मार्च। ओटीटी प्लेटफॉर्म पर इन दिनों दर्शकों को विभिन्न प्रकार की कहानियां देखने को मिल रही हैं। अब लोग केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि ऐसी कहानियों की तलाश कर रहे हैं जिनसे वे खुद को जोड़ सकें। इसी क्रम में, नेटफ्लिक्स ने अपनी नई फिल्म 'मेड इन कोरिया' का ट्रेलर जारी किया है। यह फिल्म एक छोटे शहर की लड़की की बड़ी दुनिया में कदम रखने की कहानी है। ट्रेलर में भावनाएं, संघर्ष और आत्म-खोज की यात्रा को दर्शाया गया है।


इस फिल्म में प्रियंका मोहन मुख्य भूमिका में हैं, जो शेनबा नाम की लड़की का किरदार निभा रही हैं। उनके साथ दक्षिण कोरियाई कलाकार पार्क हे जिन और नौ हो जिन भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।


ट्रेलर की शुरुआत तमिलनाडु के एक छोटे शहर से होती है, जहां शेनबा अपने परिवार के साथ रहती है। उसके पास कुछ सपने हैं, लेकिन साथ ही थोड़ी झिझक भी है। कुछ ही क्षणों में, दृश्य बदलता है और वह दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल की व्यस्त सड़कों पर दिखाई देती है। यहां की तेज रफ्तार जिंदगी, अलग भाषा और अनजान लोग उसके लिए एक नई चुनौती बन जाते हैं।


ट्रेलर में कई ऐसे दृश्य हैं जो शेनबा की घबराहट और अकेलेपन को दर्शाते हैं। वह नई जगह पर खुद को ढालने की कोशिश करती है। कभी वह रास्ता भटकती है तो कभी लोगों से बात करने में हिचकिचाती है, लेकिन धीरे-धीरे उसका आत्मविश्वास बढ़ता है। कुछ नए दोस्त उसके जीवन में आते हैं, जो उसे समझते हैं और उसका साथ देते हैं। इन पलों से उसके चेहरे पर मुस्कान लौटती है और वह अपने डर को पार करती है।


फिल्म की एक खासियत यह है कि इसमें दो अलग-अलग संस्कृतियों को बेहतरीन तरीके से प्रस्तुत किया गया है। एक ओर तमिलनाडु से पारिवारिक जुड़ाव है, तो दूसरी ओर सियोल की आधुनिक जिंदगी है। ट्रेलर दिखाता है कि कैसे शेनबा इन दोनों दुनियाओं के बीच संतुलन बनाती है।


फिल्म में भावनात्मक दृश्य भी हैं, जहां वह अपने घर को याद कर रोने लगती है, लेकिन अपने सपनों को छोड़ने से इनकार भी करती है।


इस फिल्म का निर्माण राइज ईस्ट एंटरटेनमेंट ने किया है, जबकि इसका निर्देशन और लेखन रा. कार्तिक ने किया है। यह फिल्म 12 मार्च को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी।


OTT