क्या है 'गुल्लक सीजन 5' की खासियत? जानें कलाकारों के अनुभव
गुल्लक सीजन 5: एक पारिवारिक ड्रामा
मुंबई, 12 जून। पारिवारिक ड्रामा वेब सीरीज 'गुल्लक सीजन 5' ओटीटी प्लेटफॉर्म पर दर्शकों का दिल जीत रही है। यह शो मिश्रा परिवार की साधारण जिंदगी, उनके मीठे-खट्टे अनुभवों और आर्थिक संघर्षों की कहानी बयां करता है। इस सीरीज के कलाकारों ने अपने अनुभव साझा करने के लिए बातचीत की।
सीरीज में संतोष मिश्रा का किरदार निभाने वाले अभिनेता जमील खान ने इस सीजन के बारे में कुछ रोचक बातें साझा कीं।
जमील खान ने कहा, "इस यात्रा में ऑफिस की जिम्मेदारियों और पिता की भूमिका के बीच संतुलन बनाना एक बड़ी चुनौती रही है। इन दोनों पहलुओं से जुड़े संघर्षों को निभाना, परिवार का भरण-पोषण करना, बच्चों के लिए सही निर्णय लेना, हर परिस्थिति में उनका सहारा बनना और जीवन में आने वाले परिवर्तनों को संभालना ही संतोष मिश्रा की असली कहानी है।"
उन्होंने आगे कहा, "'गुल्लक' की खासियत यह है कि यह हमें हंसाने के साथ-साथ कभी-कभी भावुक भी कर देती है। इस बार भी दर्शकों को वही अनुभव मिल रहा है और जिन्होंने इसे देखा है, वे इसका पूरा आनंद ले रहे हैं।"
सीरीज में हर्ष मयार ने अमन नामक छोटे लड़के का किरदार निभाया है। उन्होंने अपने किरदार के बारे में कहा, "जिन्होंने इस शो को देखा है, उन्होंने हमें भरपूर प्यार दिया है। पहले सीजन की एक लाइन इन दिनों सोशल मीडिया पर काफी चर्चित है कि 'खाली आदमी से तो जमीन भी चिढ़ती है', यह लाइन मैंने अपने घर में काम करने वाली से सीखी थी।"
टेलीविजन की प्रसिद्ध अभिनेत्री हेली शाह ने भी 'गुल्लक' के जरिए ओटीटी में कदम रखा है। उन्होंने बताया कि सेट पर काम करने का अनुभव उनके लिए नया और अनोखा था। उन्होंने कहा, "मैंने सेट पर पहुंचकर बहुत कुछ नया सीखा, जैसे लाइटिंग कैसे होती है, रिहर्सल कैसे की जाती है। ये सब बुनियादी बातें थीं, लेकिन पूरी टीम के जुनून और ईमानदारी ने मुझे गहराई से प्रेरित किया।"
.png)