क्या है 'ओ साथी रे' की कहानी? जानें इम्तियाज अली की नई सीरीज के बारे में!
नेटफ्लिक्स पर आ रहा है नया ड्रामा
मुंबई, 25 नवंबर। नेटफ्लिक्स ने हाल ही में इम्तियाज अली द्वारा निर्देशित नई ड्रामा सीरीज 'ओ साथी रे' का ट्रेलर जारी किया है। इस सीरीज में अदिति राव हैदरी, अविनाश तिवारी और अर्जुन रामपाल मुख्य भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
ट्रेलर में एक विवाह की कहानी को दर्शाया गया है, जो संकट में है। रोशनी (अदिति राव हैदरी) और करण (अविनाश तिवारी) अपनी शादी को बचाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन इसी दौरान रोशनी की जिंदगी में प्रद्युम्न (अर्जुन रामपाल) की एंट्री होती है, जिससे वह आकर्षित होने लगती है। इस स्थिति में रिश्तों, प्यार और भावनाओं के बीच एक नई उलझन उत्पन्न होती है।
ट्रेलर से यह स्पष्ट होता है कि सीरीज का उद्देश्य यह समझाना है कि प्यार में केवल दूसरे व्यक्ति को समझना ही नहीं, बल्कि खुद को भी समझना आवश्यक है।
करण का किरदार निभा रहे अविनाश तिवारी ने कहा, ''मुझे इस किरदार में सबसे दिलचस्प बात यह लगी कि उसका प्यार करने का तरीका क्या है। करण की पूरी दुनिया रोशनी के चारों ओर घूमती है, और उसकी पहचान भी रोशनी के पति के रूप में है। लेकिन, उसके प्यार के पीछे असुरक्षा और कमजोरियों का भी एक पहलू है। करण चाहता है कि रोशनी खुश रहे, लेकिन उसे अपनी जगह नहीं मिलती। इस किरदार के माध्यम से मुझे प्यार के विभिन्न रंगों को समझने का अवसर मिला।''
अदिति राव हैदरी ने रोशनी के किरदार के बारे में कहा, ''मेरा किरदार एक ऐसी महिला का है, जो अपनी पहचान को समझने की कोशिश कर रही है। वह किसी की बेटी, पत्नी और बहन होने के साथ-साथ अपनी इच्छाओं और भावनाओं वाली एक अलग इंसान भी है। रोशनी का किरदार इसलिए खास है, क्योंकि वह न तो पूरी तरह से परफेक्ट है और न ही उसे किसी एक दायरे में बांधा जा सकता है। इस किरदार को निभाते हुए मुझे एक ऐसी महिला की भावनात्मक उलझनों को समझने का मौका मिला, जो अपने फैसलों के परिणामों के बीच अपनी पहचान खोज रही है।''
अर्जुन रामपाल ने प्रद्युम्न के किरदार के बारे में कहा, ''प्रद्युम्न रोशनी की जिंदगी में एक नई ऊर्जा लाता है। वह आत्मविश्वास से भरा हुआ है और रोशनी को उसकी पुरानी पहचान से अलग एक व्यक्ति के रूप में देखता है। हालांकि, उसके किरदार में भी कई परतें हैं, जो धीरे-धीरे सामने आएंगी। प्रद्युम्न के नजरिए और इस कहानी में उसके आने से होने वाले बदलावों को पर्दे पर दिखाना दिलचस्प है।''
'ओ साथी रे' का निर्माण विंडो सीट फिल्म्स के सहयोग से इम्तियाज अली, मोहित चौधरी और शिबाशीष सरकार ने किया है। यह सीरीज 4 दिसंबर को नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध होगी।
.png)