एकता कपूर ने अनुराग कश्यप के बयान पर जताई नाराजगी, क्या है पूरा मामला?

एकता कपूर की प्रतिक्रिया
मुंबई, 9 जून। प्रसिद्ध टीवी प्रोड्यूसर एकता कपूर ने फिल्म निर्देशक अनुराग कश्यप के हालिया बयान पर अपनी नाराजगी व्यक्त की है। दरअसल, अनुराग ने नेटफ्लिक्स के सीईओ टेड सारंडोस को उनके विचारों के लिए बेवकूफ कहा था। उन्होंने यह भी कहा कि नेटफ्लिक्स को भारत में अपने सफर की शुरुआत 'सास-बहू' सीरियल्स से करनी चाहिए थी।
हाल ही में सारंडोस ने निखिल कामथ के डब्ल्यूटीएफ पॉडकास्ट में कहा था कि यदि उन्हें फिर से मौका मिलता, तो वह 'सेक्रेड गेम्स' से शुरुआत नहीं करते। उनके अनुसार, कई अन्य लोकप्रिय शो हैं जो बेहतर प्रदर्शन कर सकते थे। इस बयान पर अनुराग कश्यप ने तीखी प्रतिक्रिया दी।
गौरतलब है कि अनुराग कश्यप ने 2018 में नेटफ्लिक्स इंडिया के लिए 'सेक्रेड गेम्स' का निर्माण किया था।
अनुराग ने इंस्टाग्राम पर लिखा, "टेड सारंडोस को लगता है कि 'सेक्रेड गेम्स' से शुरुआत करना सही नहीं था। शायद कोई 'ज्यादा पॉपुलर' शो बेहतर होता। अगर उन्हें फिर से मौका मिलता, तो उन्हें 'सास-बहू' सीरियल्स से शुरुआत करनी चाहिए थी। मुझे पहले से पता था कि तकनीकी लोग कहानी कहने में बेवकूफ होते हैं, लेकिन अब मुझे पता चला कि टेड सारंडोस खुद बेवकूफी की परिभाषा हैं।"
इस पर एकता कपूर ने अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, "जो कलाकार सबको साथ लेकर चलने की बात करते हैं, असल में वही सबसे ज्यादा ऊंच-नीच वाली सोच रखते हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "तुम बहुत बेवकूफ हो... यह कहकर तुमने खुद को आगे दिखाने की कोशिश की, जैसे तुम ज्यादा स्मार्ट और कूल हो। थोड़े विनम्र और समझदार बनो। यह एक कला है जो बहुत से कलाकारों में नहीं होती। 'सास-बहू' शोज और उनका भारतीय जनता पर जो असर पड़ा है, इस पर शिकागो की एक मशहूर रिसर्च में अच्छी तरह से लिखा गया है!"
एकता ने कहा, "जो कलाकार बराबरी और सबको साथ लेकर चलने की बातें करते हैं, असल में वही ज्यादा ऊंच-नीच वाली सोच रखते हैं। हमें यह 'तुम हमारे साथ नहीं बैठ सकते, हम तुमसे बेहतर हैं' वाली सोच को खत्म करना चाहिए, तभी लोकतंत्र और इंसाफ सही मायनों में काम करेगा। सभी को प्यार।"
एकता कपूर ने 17 साल की उम्र में अपने करियर की शुरुआत की और कई सफल टीवी शो का निर्माण किया, जिनमें 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी', 'कहानी घर-घर की', 'कसौटी जिंदगी की' और 'कहीं तो होगा' शामिल हैं।