सोनाक्षी सिन्हा के मामले में आरोपी को मिली राहत, कोर्ट ने उठाए सवाल
कोर्ट ने आरोपी की गिरफ्तारी पर उठाए सवाल
मुंबई, 15 नवंबर। अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा की कथित अश्लील मॉर्फ तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करने के मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपी को मुंबई की अदालत से राहत मिली है। पुलिस ने आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार कर बांद्रा कोर्ट में पेश किया, जहां उसने तीन दिन की कस्टडी मांगी। हालांकि, अदालत ने गिरफ्तारी प्रक्रिया में नियमों के पालन पर सवाल उठाते हुए आरोपी को रिहा करने का आदेश दिया। कोर्ट ने पुलिस को आगे की कार्रवाई में उचित कानूनी प्रक्रिया का पालन करने का निर्देश भी दिया।
सोनाक्षी की शिकायत पर मामला दर्ज
सोनाक्षी सिन्हा ने बांद्रा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि एक व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर उनकी मॉर्फ तस्वीरें साझा की हैं। इन तस्वीरों को अश्लील बताया गया था। पुलिस ने आरोपी आर्यन दीपक जैन को दिल्ली के शाहदरा क्षेत्र से गिरफ्तार किया और उसे मुंबई लाकर बांद्रा की मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया।
अदालत ने उठाए गंभीर सवाल
सुनवाई के दौरान, अदालत ने आरोपी को सीधे दिल्ली से मुंबई लाने पर सवाल उठाए। कोर्ट ने कहा कि पुलिस को पहले आरोपी को दिल्ली की नजदीकी मजिस्ट्रेट अदालत में पेश करना चाहिए था। जांच एजेंसी ने इस प्रक्रिया का पालन न करने का कोई संतोषजनक कारण नहीं बताया।
पुलिस की कस्टडी की मांग पर बचाव पक्ष का विरोध
पुलिस ने आरोपी की तीन दिन की हिरासत मांगी, यह कहते हुए कि उन्हें उस इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का पता लगाना है, जिसका उपयोग तस्वीरें बनाने में किया गया था। लेकिन आरोपी के वकीलों ने इस मांग का विरोध किया, यह कहते हुए कि आरोपी को गिरफ्तारी से पहले नोटिस नहीं दिया गया और उसे गिरफ्तारी के कारणों की जानकारी नहीं दी गई।
अदालत ने गिरफ्तारी को गैरकानूनी माना
अदालत ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 35(1)(बी) का उल्लेख करते हुए कहा कि आरोपी पर आरोपों में अधिकतम सात साल की सजा का प्रावधान है। कोर्ट ने कहा कि गिरफ्तारी के लिए निर्धारित नियमों का पालन करना आवश्यक है। अदालत ने पाया कि पुलिस ने गिरफ्तारी से जुड़े नियमों का पालन नहीं किया, जिसके चलते आरोपी को रिहा करने का आदेश दिया गया।
.png)