Movie prime

सनी देओल की नई फिल्म 'बटवारा 1947': क्या है इस दिलचस्प कहानी का राज?

सनी देओल की आगामी फिल्म 'बटवारा 1947' को सेंसर बोर्ड से बिना किसी कट के मंजूरी मिल गई है। इस फिल्म की कहानी भारत के विभाजन के दर्दनाक समय पर आधारित है। सनी ने अपनी मां के लिए एक भावुक पोस्ट भी साझा किया है, जिसमें उन्होंने फिल्म को समर्पित किया है। जानें इस फिल्म के बारे में और ट्रेलर रिलीज की तारीख के बारे में।
 

सनी देओल की फिल्म 'बटवारा 1947' को मिली सेंसर बोर्ड से मंजूरी


मुंबई, 27 जुलाई। बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता सनी देओल की आगामी फिल्म 'बटवारा 1947' को लेकर दर्शकों में पहले से ही काफी उत्साह है। हाल ही में इस फिल्म से जुड़ी एक नई जानकारी सामने आई है, जिसने फैंस का ध्यान आकर्षित किया है। सनी देओल ने फिल्म को सेंसर बोर्ड से मिली मंजूरी की जानकारी साझा की है। उन्होंने अपनी मां प्रकाश कौर के लिए एक विशेष पोस्ट भी लिखा है।


सनी ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर खुशी जाहिर करते हुए बताया कि केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) ने फिल्म को बिना किसी कट के पास कर दिया है। उन्होंने लिखा, 'हमें खुशी है कि 'बटवारा 1947' को सेंसर बोर्ड ने बिना एक भी कट के पास कर दिया है और ए सर्टिफिकेट दिया है। यह फिल्म मानवता और प्रेम के बारे में है। इसे इस पार्टीशन डे (विभाजन विभीषिका स्‍मृति दिवस, 14 अगस्त) पर थिएटर में देखें।'


इसके साथ ही, सनी ने अपनी मां प्रकाश कौर के साथ एक खूबसूरत तस्वीर भी साझा की है। इस तस्वीर में दोनों मुस्कुराते हुए नजर आ रहे हैं। इस पोस्ट में उन्होंने फिल्म के ट्रेलर रिलीज की तारीख का भी खुलासा किया।


उन्होंने कैप्शन में लिखा, 'मेरी मां ही मेरा रब हैं। मेरा प्यार, मेरा हौसला, मेरी ताकत। 'बटवारा 1947' मैं अपनी मां और दुनिया की हर मां को समर्पित करता हूं। फिल्म का ट्रेलर कल (28 जुलाई) आएगा।'


फिल्म 'बटवारा 1947' की कहानी भारत के इतिहास के सबसे दर्दनाक समय, यानी 1947 के विभाजन पर आधारित है। यह फिल्म उस समय के पलायन, हिंसा, डर और बिछड़ने के दर्द को दर्शाएगी।


इसकी कहानी प्रसिद्ध नाटककार सैयद असगर वजाहत के नाटक 'जिस लाहौर नी वेख्या' पर आधारित है। यह एक मुस्लिम परिवार की कहानी है, जो विभाजन के बाद लखनऊ से लाहौर पहुंचता है। वहां उन्हें एक हवेली मिलती है, लेकिन उस घर में पहले से एक बुजुर्ग हिंदू महिला रहती हैं, जो अपने पुश्तैनी घर को छोड़ने से मना कर देती हैं। शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच तनाव और मतभेद होते हैं, लेकिन धीरे-धीरे कहानी रिश्तों और इंसानियत की ओर बढ़ती है।


फिल्म में सनी देओल के साथ प्रीति जिंटा, शबाना आजमी, अली फजल, करण देओल और अभिमन्यु सिंह जैसे कलाकार भी नजर आएंगे।


'बटवारा 1947' का निर्माण आमिर खान और अपर्णा पुरोहित ने किया है। यह फिल्म आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी है। फिल्म का संगीत ए. आर. रहमान ने दिया है, जबकि गीतों को जावेद अख्तर ने लिखा है।


यह फिल्म 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।


OTT