मुंबई में पर्यावरण के लिए भव्य पौधरोपण अभियान: सितारों ने दिया संदेश
मुंबई में पौधरोपण का भव्य आयोजन
मुंबई, 25 मई। पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का सामना करने के लिए मुंबई में एक विशाल पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस पहल में मनोरंजन और राजनीति की कई प्रमुख हस्तियों ने भाग लिया और पर्यावरण सुरक्षा का संदेश फैलाया।
इस अभियान में भाजपा नेता पंकजा मुंडे, गायिका निति मोहन और अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी शामिल हुईं। उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए पौधरोपण और उसके संरक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान, पंकजा मुंडे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पर्यावरण संबंधी दृष्टिकोण की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, "आज आसिफ भामला फाउंडेशन द्वारा एक अद्भुत कार्यक्रम का आयोजन किया गया है, जिसमें हम सभी मिलकर पौधरोपण कर रहे हैं। अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी भी हमारे साथ हैं, जो हमेशा से स्वास्थ्य और पर्यावरण के प्रति जागरूक रहती हैं।"
पंकजा मुंडे ने पीएम मोदी के 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान का उल्लेख करते हुए कहा, "प्रधानमंत्री ने मां के नाम पर एक पेड़ लगाने की अपील की है। इसी को ध्यान में रखते हुए हम बड़े पैमाने पर पौधरोपण कर रहे हैं। हमें अपनी जन्मदात्री मां और धरती मां दोनों का संरक्षण करना चाहिए। हम चाहते हैं कि आने वाली पीढ़ियों के लिए ऑक्सीजन बनी रहे और ग्लोबल वार्मिंग जैसी समस्याओं से बचा जा सके।"
अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने सामूहिक जिम्मेदारी पर जोर देते हुए कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा केवल सरकार के भरोसे नहीं हो सकती। उन्होंने कहा, "फिटनेस और वेलनेस केवल व्यक्तिगत स्तर पर नहीं हो सकती। अगर हमारा ग्रह स्वस्थ रहेगा, तभी हम स्वस्थ रह पाएंगे। जैसा कि पंकजा मुंडे ने कहा, ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन आज की एक कड़वी सच्चाई है। हमें जागरूक होकर जमीनी स्तर पर काम करना होगा।"
गायिका निति मोहन ने बताया कि वे इस अभियान से लंबे समय से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने कहा, "यह पर्यावरण हम सभी का साझा घर है और इसकी देखभाल करना हमारा कर्तव्य है। मुझे खुशी है कि इस साल पर्यावरण दिवस पर लोग प्रेरित दिख रहे हैं। अक्सर हम भागदौड़ में अपने पर्यावरणीय कर्तव्यों को भूल जाते हैं, लेकिन ऐसे अभियानों से सबमें नया उत्साह जाग जाता है।"
.png)