भोजपुरी सिनेमा में धमाल मचाने आ रही हैं अंजना सिंह, जानें 'चटोरी बहू-2' के बारे में!
अंजना सिंह की नई फिल्म 'चटोरी बहू-2'
मुंबई, 6 अप्रैल। भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की चर्चित अभिनेत्री अंजना सिंह अपने फैंस के लिए एक नई पारिवारिक ड्रामा फिल्म 'चटोरी बहू-2' लेकर आ रही हैं। सोमवार को फिल्म के ट्रेलर के रिलीज की घोषणा की गई।
फिल्म के निर्माताओं ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम पर इसका पोस्टर साझा किया, जिसमें अंजना एक पारंपरिक बहू के रूप में दिखाई दे रही हैं। उनके हाथों में किचन के सामान जैसे चम्मच, बेलन, थाली और अन्य घरेलू वस्तुएं हैं। यह लुक फिल्म की कहानी की झलक प्रस्तुत करता है, जो परिवार, रिश्तों और घरेलू जीवन की मिठास और चुनौतियों को दर्शाता है।
पोस्टर के साथ मेकर्स ने लिखा, "भोजपुरी फिल्म 'चटोरी बहू-2' का ट्रेलर 11 अप्रैल को सुबह 8 बजे बी4यू भोजपुरी के यूट्यूब चैनल पर रिलीज होगा।"
इस फिल्म का निर्देशन इश्तियाक शेख बंटी ने किया है, जबकि संदीप सिंह इसके निर्माता हैं और लेखन का कार्य अरविंद तिवारी ने किया है। फिल्म का संगीत ओम झा ने तैयार किया है। अन्य विवरण अभी तक साझा नहीं किए गए हैं।
यह पारिवारिक ड्रामा फिल्म भोजपुरी दर्शकों को घरेलू रिश्तों, भावनाओं और मनोरंजन का एक संपूर्ण पैकेज प्रदान करेगी। यह फिल्म 2024 में प्रसारित होने वाली 'चटोरी बहू' का सीक्वल है, जिसमें स्मृति सिन्हा ने मुख्य भूमिका निभाई थी। फिल्म में संजना पांडेय, किरण यादव, आकाश गहरवाल, विनोद मिश्रा, कंचन मिश्रा, निशा सिंह, सोनिया मिश्रा, ऋतू पांडेय, विद्या सिंह, राकेश बाबू, संतोष श्रीवासतव, वंदना दुबे और प्रशांत सिंह जैसे कलाकार भी शामिल हैं।
इश्तियाक शेख द्वारा निर्देशित इस फिल्म का निर्माण संदीप सिंह, निलाभ तिवारी और अंजनी तिवारी ने किया है। अंजना इन दिनों फिल्म 'लेडी बॉक्सर' की शूटिंग में व्यस्त हैं, जो आजमगढ़ में चल रही है।
इस फिल्म का लेखन संतोष जोशी ने किया है और रवि तिवारी इसके मुख्य सहायक निर्देशक हैं। संदीप सिंह और अथर्व सिंह इस फिल्म के निर्माता हैं, जिसमें अंजना मुख्य भूमिका में नजर आएंगी।
.png)