भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने रचा इतिहास: 2025 वनडे वर्ल्ड कप की जीत पर सितारों की बधाई
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक जीत
मुंबई, 3 नवंबर। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने 2025 के वनडे वर्ल्ड कप में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए पहली बार खिताब अपने नाम किया। डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए फाइनल में, टीम ने साउथ अफ्रीका को 52 रन से हराया। इस ऐतिहासिक जीत के बाद, खेल और मनोरंजन जगत के कई सितारों ने अपनी खुशी व्यक्त की। रजनीकांत, भूमि पेडनेकर, सामंथा रुथ प्रभु और करीना कपूर खान जैसे नामी हस्तियों ने सोशल मीडिया पर टीम को बधाई दी और इस जीत के महत्व को देश और समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
साउथ के सुपरस्टार रजनीकांत ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, ''भारत के लिए यह एक गर्व का क्षण है! हमारी टीम ने साहस, गरिमा और शक्ति की नई परिभाषा दी है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी। आपने बेखौफ और अडिगता के साथ तिरंगे को पूरे विश्व में लहराया। बहुत-बहुत बधाई। इतिहास रचा गया है। जय हिंद।''
भूमि पेडनेकर ने इस जीत पर कहा, ''ब्रावो गर्ल्स! यह जीत सिर्फ कप उठाने के बारे में नहीं है, बल्कि उन लाखों लोगों के सपनों को उठाने के बारे में है, जिन्होंने आपको हर रन, हर कैच और मैदान पर अनगिनत निडर पलों के साथ बाधाओं को तोड़ते देखा। यह जीत हर लड़की के लिए है, जिन्होंने बड़े सपने देखने की हिम्मत की, और यह विश्वास रखने की, कि वे कहीं भी अपनी जगह बना सकती हैं। आपने कल को प्रेरणा में बदल दिया। आपने सिर्फ इतिहास नहीं बनाया, बल्कि आशा को और चमकदार बनाया है।''
सामंथा रुथ प्रभु ने लिखा, ''ऐसे क्षण ट्रॉफी से कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण होते हैं। यह महिलाओं के खेल में एक बड़ा बदलाव है। हमने अपने नायकों को देखा जिन्होंने इसके लिए संघर्ष किया। मेहनत, दिल और पसीने की हर एक बूंद को इसे हासिल करने के लिए लगा दिया। नतीजा ये हुआ कि आज टीम ट्रॉफी घर ले आई। इस जीत ने राष्ट्र का महिलाओं के खेल को देखने का नजरिया बदल दिया है। अब हर लड़की अपने सपनों को पूरा करने का विश्वास रखती है।''
करीना कपूर खान ने भी इस जीत को गर्व और प्रेरणा का क्षण बताया, जो हर उस लड़की के लिए है जिसने कभी बड़े सपने देखने की हिम्मत की। उन्होंने इस आइकोनिक मैच की कुछ कीमती तस्वीरें साझा करते हुए इंस्टाग्राम पर लिखा, ''भारत के लिए, खेल के लिए और हर उस लड़की के लिए गर्व का पल, जिसने बड़े सपने देखने की हिम्मत की। 2-11-2025, याद रखने वाली तारीख। यह इतिहास में दर्ज हो गई है। भारतीय महिला क्रिकेट टीम को सलाम। आप असली हीरो हैं और दुनिया को दिखाया कि यह कैसे किया जाता है।''
.png)