भाग्यश्री ने केटलबेल स्विंग्स के फायदे बताए, जानें कैसे ये एक्सरसाइज आपके लिए है फायदेमंद!
भाग्यश्री की फिटनेस टिप्स
मुंबई, 7 जनवरी। 56 वर्षीय अभिनेत्री भाग्यश्री अपनी फिटनेस और ऊर्जा के लिए मशहूर हैं। वह अपने फैंस को हमेशा स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित करती हैं और इंस्टाग्राम पर नियमित रूप से एक्सरसाइज, डाइट और फिटनेस से जुड़ी सलाह साझा करती हैं। हाल ही में, उन्होंने केटलबेल स्विंग्स की एक वीडियो पोस्ट की, जिसमें उन्होंने इस एक्सरसाइज के फायदों के बारे में बताया।
इस वीडियो में भाग्यश्री केटलबेल स्विंग एक्सरसाइज करते हुए दिखाई दे रही हैं। उन्होंने बताया कि यह एक्सरसाइज शरीर की ताकत को बढ़ाने में मदद करती है, खासकर ग्लूट्स और हैमस्ट्रिंग्स के मसल्स को मजबूत बनाती है।
भाग्यश्री ने यह भी बताया कि केटलबेल स्विंग का एक प्रमुख लाभ कोर मसल्स को मजबूत करना है। एक मजबूत कोर शरीर को स्थिर बनाए रखता है और दैनिक गतिविधियों के दौरान चोट लगने का खतरा कम करता है।
उन्होंने कहा कि जब केटलबेल को ऊपर उठाया जाता है, तो हाथों का काम केवल मार्गदर्शन करना होता है। असली ताकत कूल्हों की थ्रस्टिंग मूवमेंट से आती है, जिससे मांसपेशियां मजबूत होती हैं और शरीर का संतुलन भी बना रहता है।
केटलबेल स्विंग्स से कार्डियो और स्ट्रेंथ दोनों का लाभ मिलता है। यह एक्सरसाइज शरीर में रक्त संचार को बढ़ाती है, जिससे ऊर्जा बनी रहती है और थकान कम होती है। इसके अलावा, यह मेटाबोलिज्म को भी तेज करती है, जिससे कैलोरी जल्दी बर्न होती हैं और वजन नियंत्रित रहता है। सांस छोड़ते समय स्विंग करने से मांसपेशियों की ताकत और सहनशीलता में भी वृद्धि होती है।
नियमित रूप से केटलबेल स्विंग्स करने से शरीर की ताकत बढ़ती है, ऊर्जा बनी रहती है और फिटनेस स्तर में सुधार होता है। यह एक्सरसाइज सभी उम्र के लोगों के लिए फायदेमंद है, लेकिन इसे सही तरीके से करना आवश्यक है।
.png)