Movie prime

बॉलीवुड में महिलाओं का जादू: कैसे फिल्म निर्माता बदल रही हैं इंडस्ट्री का चेहरा?

बॉलीवुड में महिलाओं का योगदान अब केवल सहायक नहीं रहा, बल्कि वे इंडस्ट्री के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। रीमा कागती, किराण राव, और मेघना गुलजार जैसी फिल्म निर्माताएं अपनी संवेदनशीलता और रचनात्मकता के साथ समाज के मुद्दों को पर्दे पर लाकर दर्शकों को सोचने पर मजबूर कर रही हैं। जानें कैसे ये महिलाएं फिल्म निर्माण में नई ऊंचाइयों को छू रही हैं और समाज को बदलने की ताकत रखती हैं।
 
बॉलीवुड में महिलाओं का जादू: कैसे फिल्म निर्माता बदल रही हैं इंडस्ट्री का चेहरा?

महिलाओं की शक्ति: बॉलीवुड में नई लहर


मुंबई, 8 मार्च। यह कहा जाता है कि हर सफल पुरुष के पीछे एक महिला होती है, लेकिन बॉलीवुड में सफल फिल्मों के पीछे महिलाओं का योगदान न केवल सहायक है, बल्कि वे कहानियों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रही हैं। पुरुष-प्रधान इस इंडस्ट्री में, महिला फिल्म निर्माता अपनी संवेदनशीलता, साहस और रचनात्मकता के साथ समाज के मुद्दों को उजागर कर रही हैं, जिससे दर्शकों को सोचने पर मजबूर किया जा रहा है और सफलता के नए मानक स्थापित किए जा रहे हैं।


अक्षय कुमार की 'गोल्ड' से लेकर ऑस्कर में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली 'लापता लेडीज' तक, इन महिलाओं ने साबित किया है कि निर्देशन में जेंडर कोई बाधा नहीं है।


रीमा कागती एक प्रमुख नाम हैं, जिन्होंने 2007 में 'हनीमून ट्रैवल्स प्राइवेट लिमिटेड' से निर्देशन की शुरुआत की, जो व्यावसायिक रूप से सफल रही। इसके बाद, 2012 में आमिर खान और रानी मुखर्जी की 'तलाश' का निर्देशन किया, जिसे काफी सराहा गया। 2018 में, उन्होंने अक्षय कुमार के साथ स्पोर्ट्स-ड्रामा 'गोल्ड' का निर्देशन किया। रीमा ने जॉया अख्तर के साथ मिलकर टाइगर बेबी फिल्म्स की स्थापना की और 'दहाड़' जैसी वेब सीरीज का भी निर्देशन किया। उनकी फिल्में गहन कहानी और मजबूत पटकथा के लिए जानी जाती हैं।


किरण राव, जो पटकथा लेखिका और निर्देशक के रूप में जानी जाती हैं, ने 2011 में 'धोबीघाट' से अपने निर्देशन की शुरुआत की, जिसमें प्रतीक बब्बर और अन्य कलाकारों ने महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाईं। यह फिल्म मुंबई की जिंदगी और कला को खूबसूरती से दर्शाती है। उनकी फिल्म 'लापता लेडीज' ने भी काफी चर्चा बटोरी, जो ग्रामीण भारत में दो दुल्हनों की गलतफहमी पर आधारित है और महिला सशक्तीकरण पर जोर देती है। यह फिल्म 97वें ऑस्कर के लिए भारत की आधिकारिक एंट्री बनी, हालांकि यह शॉर्टलिस्ट में नहीं आ सकी।


गीतकार गुलजार की बेटी मेघना गुलजार ने भी लेखन और निर्देशन में अपनी विरासत को आगे बढ़ाया है। 2015 में, उन्होंने नोएडा डबल मर्डर केस पर आधारित 'तलवार' का निर्देशन किया, जिसके लिए उन्हें फिल्मफेयर में बेस्ट डायरेक्टर का नामांकन मिला। 2018 में, 'राजी' आई, जिसमें आलिया भट्ट और विक्की कौशल ने अभिनय किया। इस फिल्म ने फिल्मफेयर बेस्ट फिल्म का पुरस्कार जीता और मेघना को बेस्ट डायरेक्टर का अवॉर्ड मिला। 2020 में, एसिड अटैक सर्वाइवर लक्ष्मी अग्रवाल की बायोपिक 'छपाक' में दीपिका पादुकोण और विक्रांत मैसी ने मुख्य भूमिकाएं निभाईं। 2023 में, 'सैम बहादुर' में विक्की कौशल ने सैन्य अधिकारी सैम मानेकशॉ का किरदार निभाया, जो बॉक्स ऑफिस पर सफल रही और नेशनल अवॉर्ड भी जीता। मेघना की फिल्में सामाजिक मुद्दों पर गहन और प्रभावशाली होती हैं।


इसके अलावा, जोया अख्तर, तनुजा चंद्रा, अपर्णा सेन, मीरा नायर, दीपा मेहता, फातिमा बेगम, संध्या सूरी और आरती कदव जैसी अन्य निर्देशिकाएं भी इंडस्ट्री में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। ये महिलाएं यह साबित कर रही हैं कि निर्देशन में भावना, साहस और दृष्टिकोण से फिल्में न केवल सफल होती हैं, बल्कि समाज को बदलने की क्षमता भी रखती हैं।


OTT