बॉलीवुड में अप्रैल का धमाका: जानें कौन सी फिल्में करेंगी दर्शकों का मनोरंजन!
मार्च में धूम मचाने के बाद, अप्रैल में आ रही हैं नई फिल्में
नई दिल्ली, 23 मार्च। हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है और इसकी कमाई भी अच्छी चल रही है। आदित्य धर द्वारा निर्देशित इस स्पाई एक्शन थ्रिलर ने ओपनिंग वीकेंड में विदेशों में भी बेहतरीन कमाई की है। अब अप्रैल में भी बॉलीवुड दर्शकों के लिए कई दिलचस्प फिल्में आने वाली हैं।
अप्रैल में विभिन्न शैलियों की फिल्में प्रदर्शित होंगी। इनमें एक्शन, रोमांस, हॉरर-कॉमेडी और पीरियड-ड्रामा जैसी शैलियों का समावेश होगा, जो दर्शकों को भरपूर मनोरंजन प्रदान करेंगी। इस महीने रिलीज होने वाली फिल्मों में 'आवारापन 2' के साथ-साथ सलमान खान और अक्षय कुमार की फिल्में भी शामिल हैं।
‘आवारापन 2’ 3 अप्रैल को सिनेमाघरों में आएगी। यह 2007 की हिट फिल्म ‘आवारापन’ का सीक्वल है, जिसमें इमरान हाशमी मुख्य भूमिका में होंगे। फिल्म में इमोशन, एक्शन और प्यार की कहानी दिखाई जाएगी।
अक्षय कुमार की हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘भूत बंगला’ 10 अप्रैल को रिलीज होगी। इस फिल्म में अक्षय के साथ तब्बू, राजपाल यादव और परेश रावल भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म में डर और हास्य का अनोखा मिश्रण देखने को मिलेगा, जो टीजर में भी झलक चुका है।
निखिल सिद्धार्थ की पीरियड एक्शन फिल्म ‘स्वयंभू’ भी 10 अप्रैल को आएगी। पहले यह फिल्म 13 फरवरी को रिलीज होने वाली थी, लेकिन पोस्ट-प्रोडक्शन और वीएफएक्स के कारण इसकी तारीख बढ़ाई गई। मेकर्स ने बताया है कि यह फिल्म दो भागों में रिलीज की जाएगी।
अदिवी शेष और मृणाल ठाकुर की फिल्म ‘डकैत: ए लव स्टोरी’ भी 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में आएगी। यह फिल्म प्यार और बदले की कहानी पर आधारित है, जिसमें एक्शन और रोमांस का तड़का होगा।
सलमान खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ (जिसका पहले नाम बैटल ऑफ गलवान था) भी अप्रैल में रिलीज होने की संभावना है। हालांकि, मेकर्स ने अभी तक रिलीज की तारीख की पुष्टि नहीं की है। यह फिल्म गलवान घाटी में भारत-चीन के बीच हुई वास्तविक लड़ाई पर आधारित है, जिसमें भारतीय सैनिकों की वीरता को दर्शाया जाएगा। सलमान के साथ चित्रांगदा सिंह भी मुख्य भूमिका में होंगी।
‘गिन्नी वेड्स सनी 2’ 24 अप्रैल को सिनेमाघरों में आएगी। यह रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म ‘गिन्नी वेड्स सनी’ का सीक्वल है, जिसमें अविनाश तिवारी और मेधा शंकर मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म में प्यार, कॉमेडी और रिश्तों की मजेदार कहानी दिखाई जाएगी।
यदि आप हॉरर फिल्मों के शौकीन हैं, तो 24 अप्रैल को रिलीज हो रही हॉरर-थ्रिलर फिल्म ‘द वॉर्डरोब’ देख सकते हैं। इसमें रजनीश दुग्गल और दिव्या अग्रवाल मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म का निर्देशन सौरभ चौबे ने किया है और इसे ज्योति राज गावली ने प्रोड्यूस किया है।
.png)