बॉक्स ऑफिस पर धीमी शुरुआत से हिट बनने वाली फिल्में: जानें 'हनुमान अंश' से '12वीं फेल' तक का सफर
बॉक्स ऑफिस पर फिल्मों की अनोखी कहानी
मुंबई, 7 सितंबर। अक्सर फिल्म की सफलता का आकलन पहले दिन या पहले वीकेंड के आंकड़ों से किया जाता है। लेकिन हर फिल्म की कहानी इतनी सरल नहीं होती। कई बार, कुछ फिल्मों की शुरुआत इतनी धीमी होती है कि लगता है कि वे ज्यादा आगे नहीं बढ़ पाएंगी। सीमित स्क्रीन और कम दर्शकों के कारण इनकी कमाई भी अपेक्षाकृत कम होती है। लेकिन जैसे-जैसे समय बीतता है, दर्शकों के बीच फिल्म की चर्चा बढ़ने लगती है और कहानी पूरी तरह बदल जाती है। हाल के वर्षों में कई ऐसी फिल्में आई हैं, जिन्होंने धीमी शुरुआत के बावजूद बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया। इनमें 'हनुमान अंश' से लेकर '12वीं फेल' जैसी फिल्में शामिल हैं।
'हनुमान अंश' ने 7 अगस्त को महज 25 स्क्रीन पर शुरुआत की थी। पहले दिन इसकी नेट ओपनिंग 10 लाख रुपए थी और पहले हफ्ते का कलेक्शन लगभग 1.08 करोड़ रुपए रहा। दूसरे हफ्ते में कमाई और घटकर करीब 40 लाख रुपए रह गई, लेकिन तीसरे हफ्ते से स्थिति बदलने लगी। तीसरे हफ्ते में फिल्म ने 10.40 करोड़ रुपए और चौथे हफ्ते में 61 करोड़ रुपए कमाए। पहले तीन दिनों में ही पांचवें हफ्ते में 49 करोड़ रुपए से अधिक की कमाई हुई। 31वें दिन तक नेट कलेक्शन 122.13 करोड़ रुपए हो गया। इसका मुख्य कारण माउथ पब्लिसिटी थी।
धीरे-धीरे दर्शकों के बीच इसकी चर्चा बढ़ी। जिन्होंने इसे देखा, उनकी सकारात्मक प्रतिक्रियाओं ने अन्य दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचा। इसी कारण फिल्म की स्क्रीन और शो की संख्या बढ़ी और कमाई भी उसी अनुपात में बढ़ी। विशाल चतुर्वेदी द्वारा निर्देशित 'हनुमान अंश' नीम करौली बाबा के जीवन और उनके आध्यात्मिक सफर पर आधारित है। फिल्म में शोभिनव सत्य ने नीम करौली बाबा की भूमिका निभाई है।
'द कश्मीर फाइल्स' की शुरुआत भी बड़ी नहीं थी, लेकिन कुछ ही दिनों में दर्शकों के बीच ऐसा माहौल बना कि सिनेमाघरों को शो और स्क्रीन बढ़ाने पड़े। पहले दिन फिल्म ने लगभग 3.55 करोड़ रुपए कमाए। लेकिन दूसरे और तीसरे दिन में कमाई में बड़ा उछाल आया। दर्शकों की प्रतिक्रिया को देखते हुए स्क्रीन की संख्या बढ़ाई गई और फिल्म की डिमांड लगातार बढ़ती गई। जानकारी के अनुसार, शुरुआत में फिल्म लगभग 400 स्क्रीन पर थी, लेकिन दर्शकों की मांग के चलते इसकी पहुंच हजारों स्क्रीन तक पहुंच गई।
इस फिल्म का विषय बेहद संवेदनशील था, जिसमें 1990 के दशक में कश्मीरी पंडितों के पलायन और उनके साथ हुई हिंसा को दर्शाया गया था। फिल्म को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी काफी बहस हुई। सोशल मीडिया पर विवाद बढ़ता गया और फिल्म से जुड़े बयान भी सुर्खियों में रहे। बढ़ता विवाद और चर्चा दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में मददगार साबित हुई। फिल्म में मिथुन चक्रवर्ती, अनुपम खेर, दर्शन कुमार, पल्लवी जोशी और चिन्मय मंडलेकर जैसे कलाकार शामिल थे।
'कांतारा' ने भी पहले दिन कोई खास कमाई नहीं की थी। यह फिल्म 30 सितंबर 2022 को रिलीज हुई थी और इसकी शुरुआती कमाई लगभग 1.95 करोड़ रुपए थी। लेकिन दर्शकों की प्रतिक्रिया शानदार रही। असली बदलाव तब आया जब लोगों ने इसकी कहानी, स्थानीय संस्कृति और क्लाइमेक्स की चर्चा शुरू की। इसके बाद फिल्म का हिंदी वर्जन आया, जिसकी शुरुआत लगभग 1.5 करोड़ रुपए से हुई, लेकिन चौथे वीकेंड में हिंदी वर्जन ने 4.5 करोड़ रुपए कमाए, जो उसकी अब तक की सबसे बड़ी एक दिन की कमाई थी। रिलीज के लगभग एक महीने बाद फिल्म अपनी सबसे मजबूत स्थिति में पहुंच गई।
'कांतारा' में स्थानीय संस्कृति और लोक परंपराओं को कहानी का हिस्सा बनाया गया। फिल्म में ऋषभ शेट्टी ने मुख्य भूमिका निभाने के साथ इसका निर्देशन भी किया। उनके साथ सप्तमी गौड़ा, किशोर और अच्युत कुमार जैसे कलाकार नजर आए। इसकी वर्ल्डवाइड कमाई 400 करोड़ रुपए से अधिक रही।
'12वीं फेल' ने 27 अक्टूबर 2023 को रिलीज के दिन केवल 1.10 करोड़ रुपए कमाए, लेकिन इसे आलोचकों और दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली। लोगों ने इसकी कहानी को अपने संघर्ष से जोड़ा और सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा बढ़ी। नतीजतन, सिनेमाघरों ने इसके शो बढ़ाने शुरू किए। पहले हफ्ते में फिल्म ने 13 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया।
विदु विनोद चोपड़ा की यह फिल्म आईपीएस अधिकारी मनोज कुमार शर्मा की जिंदगी से प्रेरित थी। फिल्म में दिखाया गया है कि गांव का एक लड़का किस तरह यूपीएससी पास करने का सपना देखता है और बार-बार असफल होने के बावजूद कोशिश जारी रखता है। फिल्म की कहानी ने लोगों को काफी प्रभावित किया।
'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक' का सफर भी कुछ अलग रहा। इसकी ओपनिंग इन फिल्मों के मुकाबले बेहतर थी, पहले दिन लगभग 8.20 करोड़ रुपए और पहले वीकेंड में 35.73 करोड़ रुपए। फिल्म की कमाई रिलीज के बाद लगातार बनी रही। इसका कारण था फिल्म का विषय और दर्शकों की प्रतिक्रिया। कहानी 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक पर आधारित थी। फिल्म में विकी कौशल ने मेजर विहान सिंह शेरगिल का किरदार निभाया था।
एक्शन के साथ देशभक्ति का भाव फिल्म की सबसे बड़ी ताकत बना। 'हाउ इज द जोश?' जैसे डायलॉग लोगों के बीच लोकप्रिय हो गए। इसमें उरी आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में आतंकी ठिकानों पर कार्रवाई दिखाई गई, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया।
.png)