फीफा वर्ल्ड कप 2026 में होगा मेगा हाफटाइम शो, जानें कौन-कौन से सितारे करेंगे परफॉर्म!
फीफा वर्ल्ड कप 2026 का नया अंदाज
लॉस एंजेलेस, 14 मई। फीफा वर्ल्ड कप 2026 को लेकर दुनिया भर में उत्साह का माहौल है। इस बार फुटबॉल के इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट को और भी खास बनाने के लिए फीफा ने एक अनोखा निर्णय लिया है। पहली बार, फीफा वर्ल्ड कप में सुपर बाउल की तर्ज पर एक भव्य हाफटाइम शो का आयोजन किया जाएगा, जिसमें कई प्रमुख संगीत सितारे एक साथ मंच पर नजर आएंगे।
इस शो में पॉप म्यूजिक की दिग्गज गायिका मैडोना, के-पॉप ग्रुप बीटीएस और अंतरराष्ट्रीय गायिका शकीरा अपनी परफॉर्मेंस देंगे।
यह जानकारी इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ एसोसिएशन फुटबॉल (फीफा) द्वारा साझा की गई है। फीफा ने एक टीजर वीडियो जारी किया, जिसमें क्रिस मार्टिन और प्रसिद्ध करैक्टर एल्मो दिखाई दिए। इस वीडियो में मपेट शो के कई लोकप्रिय पात्र भी शामिल थे। क्रिस मार्टिन और एल्मो ने मैडोना, बीटीएस और शकीरा के नामों की घोषणा की। वीडियो के सामने आते ही सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा तेज हो गई।
फीफा ने बताया कि इस हाफटाइम शो से होने वाली आय फीफा ग्लोबल सिटिजन एजुकेशन फंड को दी जाएगी। इस पहल का उद्देश्य दुनिया भर के बच्चों को बेहतर शिक्षा और फुटबॉल की सुविधाएं प्रदान करना है। इस फंड के माध्यम से लगभग 100 मिलियन डॉलर जुटाने का लक्ष्य रखा गया है ताकि जरूरतमंद बच्चों की सहायता की जा सके।
फीफा वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला 19 जुलाई को न्यू जर्सी में होगा, जबकि टूर्नामेंट की शुरुआत 11 जून से होगी। इससे पहले, फीफा वर्ल्ड कप 1994 में अमेरिका में आयोजित हुआ था, जो इतिहास का सबसे अधिक दर्शकों वाला वर्ल्ड कप बना था। अब 2026 में एक बार फिर अमेरिका में होने वाला यह टूर्नामेंट नए रिकॉर्ड स्थापित कर सकता है।
इसके अलावा, बॉलीवुड की प्रसिद्ध अभिनेत्री नोरा फतेही फीफा वर्ल्ड कप 2026 की ओपनिंग सेरेमनी में परफॉर्म करेंगी। नोरा इस कार्यक्रम में गाने और डांस दोनों का प्रदर्शन करेंगी।
फीफा वर्ल्ड कप 2026 की ओपनिंग सेरेमनी 12 जून को कनाडा के बीएमओ फील्ड में आयोजित की जाएगी, जिसमें माइकल बुबले, अलानिस मोरिसेट और एलेसिया कारा जैसे कई बड़े कलाकार भी शामिल होंगे।
.png)