Movie prime

नेहा धूपिया का अंतरराष्ट्रीय डेब्यू: 'ब्लू 52' फिल्म का लंदन में भव्य प्रीमियर!

बॉलीवुड अभिनेत्री नेहा धूपिया ने अपनी फिल्म 'ब्लू 52' के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कदम रखा है। यह फिल्म 9 जुलाई को लंदन इंडियन फिल्म फेस्टिवल में प्रीमियर होने जा रही है। नेहा ने इस अवसर पर अपनी खुशी व्यक्त की और लियोनेल मेसी के जुड़ने को भी महत्वपूर्ण बताया। जानें इस फिल्म की कहानी और नेहा के अनुभव के बारे में।
 

नेहा धूपिया की 'ब्लू 52' का लंदन में प्रीमियर

मुंबई, 7 जुलाई। बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री नेहा धूपिया ने अपनी फिल्म 'ब्लू 52' के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कदम रखा है, जिसका प्रीमियर 9 जुलाई को ब्रिटिश फिल्म इंस्टीट्यूट साउथबैंक में होने जा रहा है। यह फिल्म 17वें लंदन इंडियन फिल्म फेस्टिवल (एलआईएफएफ) की उद्घाटन फिल्म के रूप में प्रस्तुत की जाएगी।

नेहा ने इस अवसर पर कहा, "बीएफआई साउथबैंक में हमारी फिल्म का यूरोपियन प्रीमियर होना हमारी पूरी टीम के लिए गर्व की बात है। आदिल हुसैन और अन्य प्रतिभाशाली सह-कलाकारों के साथ इस पल को साझा करना इसे और भी खास बनाता है।"

उन्होंने आगे कहा, "लियोनेल मेसी जैसे विश्व प्रसिद्ध व्यक्ति का इस फिल्म से जुड़ना इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और भी अधिक आकर्षक बनाता है। मैं लंदन में दर्शकों की प्रतिक्रिया देखने और 'ब्लू 52' के निर्माण में शामिल सभी लोगों के साथ इस यात्रा का जश्न मनाने के लिए उत्सुक हूं।"

इस भव्य प्रीमियर में नेहा धूपिया, प्रसिद्ध अभिनेता आदिल हुसैन और फिल्म की पूरी कास्ट शामिल होगी। नेहा ने कहा कि 'ब्लू 52' उनके लिए हमेशा एक खास फिल्म रहेगी, क्योंकि यह उनका पहला अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट है, और लंदन इंडियन फिल्म फेस्टिवल जैसे प्रतिष्ठित समारोह में इसकी शुरुआत देखना किसी सपने के समान है।

उन्होंने कहा, "एक अभिनेत्री के रूप में, हम हमेशा ऐसी कहानियों की तलाश में रहते हैं जो हमें छू जाएं और हमें चुनौती दें। इस फिल्म ने मेरे लिए यही किया है। ट्रेलर को मिले सकारात्मक रिस्पॉन्स ने मुझे उत्साहित किया है, खासकर मेरे किरदार और प्रदर्शन के लिए मिल रहे प्यार से। इससे यह विश्वास होता है कि दर्शक फिल्म की भावनात्मक गहराई से जुड़ रहे हैं।"

अली अल अरबी द्वारा निर्देशित यह फिल्म आशीष की कहानी है, जिसे उसके पिता ने अलग-थलग कर दिया था। वह 23 साल की उम्र में अपनी मां के समर्थन से घर से भाग जाता है ताकि कतर में 2022 वर्ल्ड कप में अपने आदर्श, मेसी, से मिल सके। यह एक ऐसा सफर है जो उसे खुद को और दुनिया को जानने का अवसर प्रदान करता है।

--समाचार स्रोत

एसडी/पीएम


OTT