Movie prime

नीना गुप्ता ने 'पंचायत' के प्रीमियर पर ओटीटी और सिनेमा के बीच के फर्क को खत्म करने की बात कही

57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में नीना गुप्ता ने 'पंचायत सीजन 5' के वर्ल्ड प्रीमियर पर ओटीटी और सिनेमा के बीच के भेद को खत्म करने की बात की। उन्होंने बताया कि फिल्म और सीरीज की दुनिया में ट्रेंड हमेशा चक्रीय होते हैं। फैसल मलिक ने भी आगामी रामायण-2 में अपने किरदार के बारे में जानकारी दी। जानें इस खास स्क्रीनिंग के बारे में और क्या कहा गया।
 

पंचायत सीजन 5 का वर्ल्ड प्रीमियर




मुंबई, 28 नवंबर। 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी 2026) में वेब सीरीज 'पंचायत सीजन 5' के पहले एपिसोड का वर्ल्ड प्रीमियर और विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की गई। इस स्क्रीनिंग से पहले, अभिनेत्री नीना गुप्ता और अभिनेता फैसल मलिक ने मीडिया से बातचीत की।


नीना गुप्ता ने इस बातचीत में कहा कि ओटीटी प्लेटफॉर्म और सिनेमा के बीच का भेद मिट जाना चाहिए, क्योंकि अंततः ये दोनों एक ही माध्यम हैं। उन्होंने यह भी बताया कि फिल्म और सीरीज की दुनिया में ट्रेंड हमेशा चक्रीय होते हैं।


उन्होंने कहा, "यह एक सर्कल है, कभी एक चीज़ लोकप्रिय होती है, तो सभी उसी तरह की चीज़ें बनाने लगते हैं, फिर उसका समय समाप्त हो जाता है। पहले यंग एंग्री मैन जैसी फिल्में आती थीं, फिर कुछ और आ गया। यह एक सर्कल है, जहां चीज़ें बदलती रहती हैं।"


नीना ने कहा कि इफ्फी जैसे प्लेटफॉर्म नए फिल्म निर्माताओं और कलाकारों के लिए बहुत सहायक होते हैं। उन्होंने कहा, "यह एक अंतरराष्ट्रीय और बहुत अच्छा मंच है।"


वहीं, अभिनेता फैसल मलिक ने भी स्क्रीनिंग से पहले मीडिया से बातचीत की। उन्होंने बताया कि वह आगामी रामायण-2 में कुंभकर्ण का किरदार निभाएंगे।


फैसल ने पंचायत सीरीज की स्क्रीनिंग पर कहा, "इफ्फी में पिछली बार हमारी सीरीज पंचायत को बेस्ट सीरीज का अवॉर्ड मिला था, इसलिए हमें पहले ही बहुत प्यार और सराहना मिली है और अब जो हो रहा है, वह और भी रोमांचक है।"


रामायण-2 को लेकर उन्होंने कहा, "रामायण जैसी फिल्म में काम करना बहुत खुशी की बात है और मुझे अंदर से बहुत खुशी हो रही है। मुझे लगता है कि भारत के इतिहास में ग्राफिक्स, लुक्स और शो के मामले में इससे बेहतर फिल्म नहीं बनी है और इसके लिए बहुत तैयारी चल रही है, देखिए क्या होता है। चार महीने बाद शूटिंग शुरू करेंगे।"


OTT