नवंबर में दर्शकों का दिल जीतने आ रही हैं ये चार शानदार फिल्में!
नवंबर में आने वाली फिल्में
मुंबई, 25 अक्टूबर। इस दिवाली, 'थामा' और 'एक दीवाने की दीवानियत' ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। अब नवंबर में भी बॉलीवुड और साउथ फिल्म इंडस्ट्री की कई प्रमुख फिल्में दर्शकों को आकर्षित करने के लिए तैयार हैं। अजय देवगन, रितेश देशमुख और धनुष जैसे सितारे अपनी अदाकारी से दर्शकों का दिल जीतने आ रहे हैं। इस बार दर्शकों को एक्शन, रोमांस, कॉमेडी और थ्रिल का बेहतरीन मिश्रण देखने को मिलेगा।
दे दे प्यार दे 2: अजय देवगन और रकुल प्रीत सिंह की रोमांटिक ड्रामा 'दे दे प्यार दे 2', 2019 में आई 'दे दे प्यार दे' का सीक्वल है। अजय देवगन ने हमेशा से ही कॉमेडी और रोमांस को बड़े पर्दे पर बेहतरीन तरीके से पेश किया है। इस बार आर. माधवन भी महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आएंगे, जो कहानी में ट्विस्ट और सस्पेंस का तड़का देंगे। फिल्म में प्यार के मजेदार पल और भावुक लम्हें दोनों शामिल हैं। यह फिल्म 14 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
120 बहादुर: फरहान अख्तर और राशि खन्ना की '120 बहादुर' भी इस नवंबर में दर्शकों के सामने आएगी। यह फिल्म 1962 के भारत-चीन युद्ध से प्रेरित है और देशभक्ति, साहस और वीरता की कहानी को दर्शाती है। दर्शक इस फिल्म के माध्यम से सैनिकों की चुनौतियों और संघर्षों को बड़े पर्दे पर देखेंगे। फरहान अख्तर ने अपने किरदार में गहराई और भावनाओं के साथ जान डाल दी है। यह फिल्म 21 नवंबर को रिलीज होगी।
मस्ती 4: रितेश देशमुख, विवेक ओबेरॉय और आफताब शिवदासानी की हिट फ्रेंचाइजी 'मस्ती' का चौथा भाग 'मस्ती 4' भी 21 नवंबर को रिलीज हो रहा है। यह फिल्म अपनी कॉमिक टाइमिंग और मस्ती के लिए जानी जाती है। 'मस्ती 4' में पहले के तीनों भागों के मुख्य किरदार वापस लौटे हैं। मीत, प्रेम और अमर की तिकड़ी एक बार फिर अपनी पत्नियों को छोड़कर दूसरी लड़कियों की तलाश में निकलती है, लेकिन इस बार उनकी मुश्किलें और भी बढ़ जाएंगी। फिल्म का निर्देशन मिलाप जावेरी ने किया है।
तेरे इश्क में: नवंबर की सबसे चर्चित और रोमांटिक फिल्म धनुष और कृति सेनन की 'तेरे इश्क में' है। यह फिल्म 28 नवंबर को रिलीज होने जा रही है और दर्शक इसके लिए पहले से ही उत्सुक हैं। आनंद एल राय के निर्देशन में बनी यह इमोशनल लव स्टोरी दर्शकों को रोमांस, दर्द और जुनून का अनोखा अनुभव देने वाली है। धनुष अपने किरदार शंकर में गहरे इमोशनल अंदाज में नजर आएंगे, जबकि कृति सेनन का किरदार मुक्ति दर्शकों को आकर्षित करेगा। फिल्म का संगीत ए.आर. रहमान ने दिया है, और अरिजीत सिंह की आवाज इसे और भी खास बनाती है.
.png)