दिल्ली में पहली बार अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव: सितारों का जलवा!
दिल्ली में अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का आगाज
नई दिल्ली, 30 मार्च। अब दिल्ली में भी सिनेमा के सपनों को साकार करने का अवसर मिलेगा, क्योंकि पहली बार अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का आयोजन यहां हो रहा है।
यह महोत्सव 31 मार्च तक चलेगा, जिसमें कई सितारे शामिल होंगे। सोमवार को 'टॉयलेट: एक प्रेमकथा' और 'दम लगाके हईशा' जैसी चर्चित फिल्मों की अभिनेत्री भूमि पेडनेकर और अभिनेता मानव विज इस समारोह में शामिल हुए।
भूमि पेडनेकर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वह इस महोत्सव का हिस्सा बनकर बेहद खुश हैं। उन्होंने बताया कि दिल्ली को इस फिल्म फेस्टिवल की बहुत आवश्यकता थी, और यह सरकार तथा आयोजकों की मेहनत का परिणाम है कि कलाकारों को एक बड़ा मंच मिला है। उन्होंने कहा, 'हालांकि मैं मुंबई की निवासी हूं, लेकिन मेरा दिल दिल्ली के लिए धड़कता है।'
अभिनेत्री ने ओटीटी प्लेटफार्मों और सिनेमा में आए बदलावों पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि ओटीटी पर मिलने वाले एक्सपेरिमेंटल किरदार लेखकों की मेहनत का परिणाम हैं, जबकि मुख्यधारा के सिनेमा में महिलाओं के लिए उतने अच्छे और विविध किरदार नहीं मिलते। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही मुख्यधारा के सिनेमा में भी यह बदलाव आएगा।
पंजाबी अभिनेता मानव विज ने भी महोत्सव में भाग लिया और उनकी फिल्म 'मां जाए' की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की गई। उन्होंने बताया कि यह फिल्म उनके लिए बहुत महत्वपूर्ण है और उन्होंने अपने किरदार को जीवंत करने के लिए पूरी मेहनत की। उन्होंने कहा, 'मुझे पता था कि फिल्म अच्छी होगी, लेकिन यह नहीं सोचा था कि इसे इतना सम्मान मिलेगा।'
मानव विज ने इस महोत्सव को जरूरी बताते हुए कहा कि यह अच्छे सिनेमा को सामने लाने में मदद करता है और दूसरों को भी प्रेरित करता है। उन्होंने कहा, 'आप किसी चीज को तभी बेहतर बना सकते हैं जब उसे एक अच्छा मंच मिले।'
.png)