दिलजीत दोसांझ के बेंगलुरु कॉन्सर्ट को मिली बम धमकी, पुलिस ने शुरू की जांच
दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट पर बम धमकी
मुंबई, 24 नवंबर। पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के बेंगलुरु में होने वाले कॉन्सर्ट को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस को एक ईमेल प्राप्त हुआ है जिसमें कॉन्सर्ट में बम धमाके की धमकी दी गई है। इस ईमेल में आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) से हमले की चेतावनी दी गई है।
ईमेल में यह भी कहा गया है कि अभिभावक अपने बच्चों को शो में न लाएं, आईफोन पर कॉल का जवाब न दें और मेट्रो से यात्रा करने से बचें। पुलिस ने इस धमकी को गंभीरता से लिया है।
जानकारी के अनुसार, यह धमकी भरा ईमेल धारवाड़ के पुलिस कमिश्नर को भेजा गया है। इसमें 29 नवंबर को बेंगलुरु के एनआईसीई रोड ग्राउंड में होने वाले दिलजीत के कॉन्सर्ट को निशाना बनाने की बात कही गई है। ईमेल में 'खालिस्तान जिंदाबाद' का नारा भी शामिल है।
इसके अलावा, ईमेल में कई अन्य चेतावनियां भी दी गई हैं। पुलिस अब इस मामले की गहन जांच कर रही है।
दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को धमकी मिलने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले अक्टूबर में मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े के कार्यालय को भी एक धमकी भरा ईमेल मिला था। इस ईमेल में मेयर कार्यालय, अमिताभ बच्चन के घर और दिलजीत के 27 नवंबर को मुंबई में होने वाले कॉन्सर्ट को निशाना बनाने की बात कही गई थी।
नवंबर में इंदौर में होने वाले उनके कॉन्सर्ट से पहले भी कई धमकी भरे ईमेल सामने आए थे। 2 नवंबर को इंदौर के तीन निजी स्कूलों और मेयर पुष्यमित्र भार्गव के कार्यालय को धमकी भरा ईमेल भेजा गया था। 10 नवंबर को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की ग्वालियर बेंच को भी इसी तरह का ईमेल मिला था। इसके बाद पुलिस ने सुरक्षा बढ़ाई और ईमेल भेजने वाले की पहचान के लिए जांच शुरू की।
दिलजीत दोसांझ इस समय अपने 'ऑरा इंडिया टूर 2026' को लेकर चर्चा में हैं। बुकमायशो पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, उनका बेंगलुरु कॉन्सर्ट 29 नवंबर को एनआईसीई ग्राउंड्स में शाम 4 बजे शुरू होगा। इस शो के लिए टिकटों की बिक्री भी जारी है।
.png)