Movie prime

गोंधळ फिल्म का लोकगीत 'चिमणा' में बादशाह का नया तड़का!

गोंधळ फिल्म का पारंपरिक लोकगीत 'एक चिमणा चिवचिवाला' अब 'चिमणा' के नाम से एक नए अंदाज में रिलीज हुआ है। इस गीत में रैपर बादशाह ने अपने सिग्नेचर रैप का तड़का लगाया है। फिल्म ने कई पुरस्कार जीते हैं और अब यह हिंदी समेत चार भाषाओं में रिलीज होने के लिए तैयार है। जानें इस गीत और फिल्म की कहानी के बारे में।
 

गोंधळ फिल्म का नया लोकगीत 'चिमणा'



मुंबई, 31 अगस्त (वेब वार्ता)। अवॉर्ड विजेता मराठी थ्रिलर फिल्म ‘गोंधळ’ का पारंपरिक लोकगीत ‘एक चिमणा चिवचिवाला’ अब ‘चिमणा’ के नाम से एक नए अंदाज में प्रस्तुत किया गया है। इस गीत में प्रसिद्ध रैपर बादशाह ने अपने खास रैप का तड़का लगाया है। फिल्म ‘गोंधळ’ ने 2026 के फिल्मफेयर मराठी अवॉर्ड्स में 19 नामांकनों में से छह पुरस्कार जीते हैं। इसे 56वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (आईएफएफआई), गोवा 2025 में भी प्रदर्शित किया गया था। फिल्म को आईएमडीबी पर 9.0 की रेटिंग प्राप्त हुई है।


अब यह मराठी थ्रिलर हिंदी सहित चार अन्य भाषाओं में रिलीज होने के लिए तैयार है। ‘चिमणा’ में पारंपरिक महाराष्ट्रीयन लोकसंगीत और समकालीन हिप-हॉप का अनूठा मिश्रण देखने को मिलता है। दिव्या कुमार, बादशाह, नागेश मोरवेकर और नेहा खान की आवाजों से सजे इस गीत में मूल लोकधुन की आत्मा को बनाए रखते हुए उसे आधुनिक संगीत का रूप दिया गया है।


बादशाह ने कहा, “भारत के क्षेत्रीय संगीत में आज भी अपनी मिट्टी की असली खुशबू और आत्मा बसी हुई है। हमारी कोशिश है कि ‘गोंधळ’ और ऐसी लोक परंपराओं को देसी हिप-हॉप के माध्यम से नई पीढ़ी तक पहुंचाया जाए।”



संतोष दावखर के निर्देशन में बनी ‘गोंधळ’ की कहानी, पटकथा और संवाद भी उन्होंने ही लिखे हैं। फिल्म का निर्माण दावखर फिल्म्स ने किया है और दीक्षा दावखर सह-निर्माता हैं। इस फिल्म में किशोर कदम, इशिता देशमुख, योगेश सोहोनी, निषाद भोईर, अनुज प्रभु, माधवी जुवेकर और ऐश्वर्या शिंदे जैसे कलाकार प्रमुख भूमिकाओं में हैं।


फिल्म की कहानी ऑब्सेशन, परंपरा और धोखे के इर्द-गिर्द घूमती है। युवा दुल्हन सुमन अपने प्रेमी सरजेराव के गोंधळ अनुष्ठान के प्रति जुनून को हथियार बनाती है और एक पवित्र परंपरा को खतरनाक साजिश में बदल देती है।


फिल्म का संगीत प्रसिद्ध संगीतकार इलैयाराजा ने तैयार किया है। ‘चिमणा’ के जरिए पारंपरिक लोकसंगीत और आधुनिक रैप का संगम फिल्म के संगीत को एक नया आयाम प्रदान करता है।


OTT