क्या है संजय भट्ट की नई फिल्म 'श्रीनाथजी' की कहानी? जानें इसके अनोखे पहलू!
फिल्म 'श्रीनाथजी-एक अनंत प्रेमगाथा' का पहला पोस्टर जारी
मुंबई, 29 नवंबर (वेब वार्ता)। भारतीय सिनेमा में भक्ति, प्रेम, इतिहास और आध्यात्मिकता को एक भव्य रूप में पेश करने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है। टैग प्रोडक्शंस ने अपनी महत्वाकांक्षी फिल्म 'श्रीनाथजी-एक अनंत प्रेमगाथा' का पहला पोस्टर जारी किया है। इस फिल्म का निर्देशन संजय भट्ट कर रहे हैं, जिनके पास फिल्म उद्योग में 35 वर्षों का अनुभव है। यह फिल्म लगभग साढ़े तीन से चार घंटे लंबी होगी और इसमें भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति परंपरा, पुष्टिमार्ग का इतिहास और श्रीनाथजी से जुड़ी आध्यात्मिक एवं ऐतिहासिक घटनाओं को दर्शाया जाएगा।
फिल्म में महाप्रभु श्री वल्लभाचार्य, उनके पिता श्री लक्ष्मण भट्ट, विद्वान शिवानंद गोस्वामी और भट्ट एवं गोस्वामी परंपरा के कई महान विद्वानों से संबंधित प्रसंग शामिल होंगे। इसके साथ ही भगवान श्रीकृष्ण और पांचों पांडवों से जुड़े प्रसंग भी फिल्म में देखने को मिलेंगे।
मीराबाई के कृष्ण प्रेम और उनकी दिव्य अनुभूतियों को भी फिल्म में महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है। अकबर और औरंगजेब के शासनकाल, विभिन्न राजघरानों और श्रीनाथजी के नाथद्वारा आगमन से जुड़ी ऐतिहासिक घटनाएं भी इस फिल्म का हिस्सा होंगी। टैग प्रोडक्शंस और मास्क टीवी ओटीटी के कई प्रोजेक्ट्स का निर्देशन कर चुकीं मानसी भट्ट ने कहा कि इस महत्वपूर्ण परियोजना में अपने पिता संजय भट्ट के साथ काम करना उनके लिए गर्व की बात है।
उन्होंने बताया कि संजय भट्ट के अनुभव और नई पीढ़ी की तकनीकी सोच का समन्वय फिल्म की विशेषता होगी। फिल्म के निर्माण में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) विशेषज्ञों की एक बड़ी टीम भी शामिल है।
फिल्म की कथा और पटकथा को डॉ. अंजू भट्ट 'आनंद प्रज्ञा' अंतिम रूप दे रही हैं। इसके लिए प्राचीन धर्मग्रंथों, पुष्टिमार्गीय साहित्य और वैष्णव परंपराओं का गहन अध्ययन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि फिल्म में श्री यमुनाजी, रुक्मिणीजी और श्री राधारानी से जुड़े दिव्य प्रसंग भी देखने को मिलेंगे।
फिल्म में लगभग पांच से छह गीत होंगे। बड़े कलाकारों के चयन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और कलाकारों के नामों की घोषणा उचित समय पर की जाएगी। फिल्म की शूटिंग दक्षिण भारत, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और गुजरात के विभिन्न स्थानों पर की जाएगी। संजय भट्ट ने फिल्म की भाषाओं के संबंध में कहा कि श्रीनाथजी के भक्त दुनियाभर में फैले हुए हैं और विभिन्न भाषाएं बोलने वाले लोगों की उनमें गहरी आस्था है। उन्होंने कहा, 'थोड़ा इंतजार कीजिए, जल्द ही आपको पता चलेगा कि हम इस फिल्म को कितनी भाषाओं में बनाने जा रहे हैं।' फिल्म को वर्ष 2028 के प्रारंभ में भव्य स्तर पर सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना है।
.png)