Movie prime

क्या है 'शेरा' फिल्म में परमिश वर्मा और सोनल चौहान का खास रिश्ता?

पंजाबी सिनेमा के अभिनेता परमिश वर्मा ने अपनी नई फिल्म 'शेरा' में सोनल चौहान के साथ काम करने के अनुभव को साझा किया है। उन्होंने बताया कि सोनल की शांत और विनम्र उपस्थिति सेट पर सकारात्मक माहौल बनाती है। फिल्म में उनके और सोनल के किरदारों के बीच का रिश्ता जटिल है, जो प्यार और टकराव दोनों को दर्शाता है। जानें इस फिल्म की खासियत और रिलीज की तारीख।
 
क्या है 'शेरा' फिल्म में परमिश वर्मा और सोनल चौहान का खास रिश्ता?

परमिश वर्मा का सोनल चौहान के साथ अनुभव




मुंबई, 6 मई। पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने अभिनेता और गायक परमिश वर्मा इन दिनों अपनी नई फिल्म 'शेरा' के लिए चर्चा में हैं। इस फिल्म में उनके साथ सोनल चौहान भी नजर आएंगी, जो इस प्रोजेक्ट के माध्यम से पंजाबी सिनेमा में कदम रख रही हैं। परमिश ने शूटिंग के दौरान सोनल के साथ अपने अनुभव को साझा किया।


उन्होंने कहा, ''शूटिंग के समय सोनल हमेशा शांत रहती थीं। चाहे सेट पर कोई देरी हो या फिर कोई समस्या आए, उन्होंने कभी भी अपना आपा नहीं खोया। वह हर परिस्थिति को बहुत ही शालीनता से संभालती हैं। उनकी यह विशेषता उन्हें एक अद्वितीय कलाकार बनाती है और उनके साथ काम करना और भी सुखद अनुभव होता है।''


परमिश ने आगे कहा, ''सोनल चौहान की उपस्थिति से सेट का माहौल बहुत सकारात्मक और शांत रहता है। जब वह किसी से बात करती हैं, तो सामने वाले की चिंताएं और तनाव अपने आप कम हो जाते हैं। उनका व्यवहार इतना सहज और विनम्र होता है कि लोग उनके आसपास खुद को हल्का महसूस करते हैं।''


उन्होंने यह भी कहा, ''यह गुण किसी भी कलाकार की सबसे बड़ी ताकत होती है, क्योंकि यह न केवल काम को सरल बनाता है, बल्कि टीम के बीच एक अच्छा तालमेल भी स्थापित करता है।''


फिल्म 'शेरा' की कहानी के बारे में परमिश ने बताया कि इसमें उनके और सोनल के किरदारों के बीच का रिश्ता कभी मजबूत तो कभी कमजोर नजर आता है। यह रिश्ता केवल प्यार तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें कई भावनाओं की परतें भी शामिल हैं।


परमिश ने इस रिश्ते की तुलना 'टॉम एंड जेरी' से की, जिसमें दोनों पात्र अक्सर एक-दूसरे से लड़ते हैं, लेकिन एक-दूसरे के बिना रह भी नहीं सकते। यही इस फिल्म की खासियत है कि इसमें रिश्तों की वास्तविकता को दर्शाने की कोशिश की गई है, जहां प्यार और टकराव दोनों एक साथ चलते हैं। यही बात इस फिल्म को दर्शकों के लिए और भी दिलचस्प बनाती है।


फिल्म 'शेरा' का निर्देशन सावियो संधू कर रहे हैं और इसे जेबीसीओ फिल्म्स द्वारा प्रोड्यूस किया जा रहा है। यह फिल्म 15 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।


OTT