क्या है शहनाज गिल की नई फिल्म 'इश्कनामा' का राज? जानें इस इमोशनल लव स्टोरी के बारे में!
शहनाज गिल की नई फिल्म का टीजर हुआ रिलीज
मुंबई, 15 जून। प्रसिद्ध अभिनेत्री शहनाज गिल की आगामी फिल्म 'इश्कनामा' का टीजर हाल ही में जारी किया गया है, जिसने दर्शकों में उत्साह का संचार कर दिया है। यह फिल्म एक भावनात्मक इंडो-पाक प्रेम कहानी पर आधारित है, जिसमें प्यार, जुदाई और सीमाओं के बीच अधूरे रिश्तों की गहराई को दर्शाया गया है। फिल्म की शूटिंग पंजाब और राजस्थान में की गई है।
टीजर का अनावरण चंडीगढ़ में एक कार्यक्रम के दौरान किया गया, जहां फिल्म से जुड़े कलाकारों ने अपने अनुभव साझा किए।
अभिनेता सौरभ सचदेवा ने इस प्रोजेक्ट के बारे में बात करते हुए कहा, ''जब मुझे इस फिल्म के लिए संपर्क किया गया, तो मैंने स्पष्ट कर दिया था कि मैंने पहले कभी पंजाबी फिल्म में काम नहीं किया है। लेकिन, इसकी कहानी ने मुझे इस प्रोजेक्ट से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। यह एक ऐसा अवसर था, जिसे मैं छोड़ना नहीं चाहता था। मैंने तुरंत इस फिल्म के लिए हां कर दी।''
उन्होंने आगे कहा, ''फिल्म के सेट पर सभी कलाकार और क्रू मेंबर्स एक-दूसरे के साथ खुलकर विचार साझा करते थे। किसी भी सीन या आइडिया पर चर्चा करने की पूरी आजादी थी, जिससे क्रिएटिविटी और भी बेहतर तरीके से सामने आई। इस तरह का माहौल किसी भी फिल्म को खास बना देता है, क्योंकि इससे काम करने में आसानी और खुशी दोनों मिलती हैं।''
अभिनेता जय रंधावा ने भी फिल्म की कहानी और शूटिंग के अनुभव के बारे में बताया। उन्होंने कहा, ''फिल्म की शूटिंग पंजाब और राजस्थान जैसे दो अलग-अलग स्थानों पर की गई है, जिससे कहानी को असली जैसा बैकड्रॉप मिला। यह फिल्म एक इंडो-पाक लव स्टोरी है और बॉर्डर पार प्यार की भावना को दर्शाती है। यह कहानी पंजाबी सिनेमा में पहली बार इस तरह के बड़े और अलग दृष्टिकोण के साथ पेश की जा रही है। यह फिल्म 'बॉर्डरनामा' नामक नॉवेल पर आधारित है।''
अभिनेत्री शहनाज गिल ने भी अपने किरदार और फिल्म के बारे में विचार साझा किए। उन्होंने कहा, ''अच्छे कलाकारों के साथ काम करना हमेशा सीखने का मौका देता है और ऐसे अनुभव से कलाकार खुद को बेहतर बना पाते हैं। मैं हमेशा ऐसे प्रोजेक्ट्स की तलाश में रहती हूं, जो ज्यादा अर्थपूर्ण हों, ताकि अभिनय में और गहराई लाई जा सके।''
शहनाज ने बताया, ''मैं फिल्म में एक पाकिस्तानी लड़की का किरदार निभा रही हूं, जिसका नाम टोरी है। वह एक मजबूत और साहसी लड़की है, जो अपने प्यार को पाने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार है। यह भूमिका मेरे लिए चुनौतीपूर्ण और अलग अनुभव रही है।''
.png)