क्या है विनीत कुमार सिंह की नई फिल्म 'पल भर के लिए' का खास सफर?
विनीत कुमार सिंह की नई फिल्म का अंतरराष्ट्रीय प्रीमियर
मुंबई, 27 जुलाई। अभिनेता विनीत कुमार सिंह ने अपने करियर में हमेशा ऐसे किरदारों का चयन किया है जो दर्शकों के दिलों में गहरी छाप छोड़ते हैं। 'मुक्काबाज', 'छावा', 'सुपरबॉयज ऑफ मालेगांव' और 'जाट' जैसी फिल्मों में अपनी अदाकारी से पहचान बनाने वाले विनीत अब एक नई फिल्म 'पल भर के लिए' के कारण चर्चा में हैं।
यह फिल्म ऑस्ट्रेलिया में इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न (आईएफएफएम) में अपने वर्ल्ड प्रीमियर के लिए तैयार है। इस अवसर पर विनीत ने अपनी खुशी व्यक्त की और आशा जताई कि फिल्म की कहानी वैश्विक दर्शकों के दिलों को छू लेगी।
विनीत ने कहा, ''जब किसी फिल्म का सफर अंतरराष्ट्रीय मंच से शुरू होता है, तो यह एक विशेष अनुभव होता है। 'पल भर के लिए' एक ऐसी कहानी है जो हमारी टीम के लिए बहुत मायने रखती है और यह समाज से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को उजागर करती है। मुझे गर्व है कि फिल्म की पहली प्रस्तुति इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न जैसे प्रतिष्ठित मंच पर होगी। मुझे उम्मीद है कि यह कहानी विभिन्न देशों और संस्कृतियों के लोगों के दिलों तक पहुंचेगी।''
इस फिल्म का निर्देशन प्रसिद्ध फिल्मकार और डिजाइनर विक्रम फडनिस ने किया है। फिल्म में विनीत कुमार सिंह के साथ सैयामी खेर और ताहिर राज भसीन भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।
विनीत कुमार सिंह हिंदी भाषा के प्रति अपने गहरे प्रेम के लिए भी जाने जाते हैं। हाल ही में, उन्होंने बॉलीवुड में हिंदी फिल्मों की स्क्रिप्ट रोमन लिपि में लिखे जाने पर अपनी राय साझा की।
उन्होंने कहा, ''मैं हमेशा चाहता हूं कि मेरे संवाद देवनागरी लिपि में हों। मुझे इसे पढ़ने और समझने में अधिक सहजता होती है। मेरा मानना है कि जब फिल्म हिंदी में बनाई जा रही है, तो उसकी स्क्रिप्ट और संवाद भी हिंदी की अपनी लिपि में होने चाहिए।''
उन्होंने यह भी कहा, ''हर कलाकार की अपनी पसंद हो सकती है, लेकिन मुझे लगता है कि हिंदी फिल्मों का काफी काम आज भी अंग्रेजी में होता है। हिंदी भाषा को उसकी अपनी लिपि में सम्मान मिलना चाहिए।''
.png)