क्या है 'राणाबली' फिल्म की कहानी? जानें इस बहुप्रतीक्षित पीरियड ड्रामा के बारे में!
राणाबली की शूटिंग पूरी, जानें फिल्म के बारे में
मुंबई, 17 सितंबर। साउथ सिनेमा के जाने-माने निर्देशक राहुल सांकृत्यायन ने अपनी बहुप्रतीक्षित पीरियड ड्रामा फिल्म 'राणाबली' की शूटिंग का काम पूरा कर लिया है। इस बात की जानकारी मेकर्स ने गुरुवार को साझा की।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा करते हुए, निर्देशक राहुल ने लिखा, "मेरी मेहनती और उत्साही टीम के साथ 130 दिनों की इस यात्रा का यह समापन है।" उन्होंने अपनी पोस्ट में फिल्म के मुख्य कलाकारों और अन्य मेकर्स को भी टैग किया।
फिल्म 'राणाबली' में विजय देवरकोंडा ने मुख्य किरदार राणाबली का रोल निभाया है, जबकि रश्मिका मंदाना उनकी पत्नी जयम्मा के रूप में नजर आएंगी। इसके अलावा, अर्नोल्ड वोस्लू, जो 'द ममी' में अपने अभिनय के लिए जाने जाते हैं, विलेन सर थियोडोर हेक्टर का किरदार निभा रहे हैं।
यह एक पीरियड एक्शन ड्रामा है, जो ब्रिटिश काल की पृष्ठभूमि में स्थापित है। फिल्म की कहानी 19वीं सदी में घटित वास्तविक ऐतिहासिक घटनाओं पर आधारित है, जो 1854 से 1878 के बीच हुई थीं। इसे भारत में एक बड़े प्रोजेक्ट के रूप में तैयार किया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, 'राणाबली' 1850 के दशक की वास्तविक घटनाओं से प्रेरित है, जिन्हें आमतौर पर इतिहास की किताबों में स्थान नहीं मिला। यह फिल्म उन घटनाओं को उजागर करने का प्रयास करेगी, जिन्हें ब्रिटिश राज के दौरान गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया।
सूत्रों ने यह भी स्पष्ट किया है कि 'राणाबली' न तो एक बायोपिक है और न ही कोई काल्पनिक कहानी, बल्कि यह कई वास्तविक घटनाओं, मौखिक इतिहास और दबे हुए रिकॉर्ड का सिनेमाई पुनर्निर्माण है।
फिल्म का निर्माण नवीन यरनेनी और वाई. रविशंकर द्वारा बड़े पैमाने पर किया जा रहा है, जबकि टी-सीरीज इसे प्रस्तुत कर रही है।
पहले 'राणाबली' की रिलीज़ 11 सितंबर को निर्धारित थी, लेकिन अब इसे 16 अक्टूबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में प्रदर्शित किया जाएगा।
--News Media
एनएस/वीसी
.png)