क्या है 'राजा शिवाजी' का पहला गाना? जानें इस ऐतिहासिक महाकाव्य की खासियत!
राजा शिवाजी का एंथम गाना हुआ रिलीज
मुंबई, 15 अप्रैल। रितेश देशमुख द्वारा निर्देशित और अभिनीत बहुप्रतीक्षित ऐतिहासिक एक्शन-ड्रामा 'राजा शिवाजी' का पहला गाना 'राजा शिवाजी एंथम - छत्रपति' अब उपलब्ध है। यह फिल्म छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन और उनकी विरासत पर आधारित एक महाकाव्य है।
यह गाना फिल्म के संगीत एल्बम का हिस्सा है, जिसे देश म्यूजिक और वॉर्नर म्यूजिक इंडिया ने मिलकर प्रस्तुत किया है। मशहूर संगीतकार जोड़ी अजय-अतुल ने इस गाने को कंपोज किया है, जिसमें अजय गोगावले की आवाज ने इसे और भी प्रभावशाली बना दिया है। 80 कोरस गायकों के साथ मिलकर तैयार किया गया यह एंथम हिंदवी स्वराज्य के गौरव और साहस को दर्शाता है।
गाने की कोरियोग्राफी रेमो डिसूजा ने की है। यह एंथम फिल्म का एक महत्वपूर्ण क्षण है, जिसमें भव्यता और आत्मा का अद्भुत मेल देखने को मिलता है। संगीतकार अजय-अतुल ने गाने के बारे में अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की।
उन्होंने कहा, "हम जानते थे कि गाने की लंबाई अधिक है, लेकिन इसकी भावना और श्रद्धा महत्वपूर्ण हैं। हर धुन में गौरव है, लेकिन उस विरासत के प्रति सम्मान भी है, जिसका यह प्रतिनिधित्व करता है। जब आप इतनी बड़ी विरासत पर काम करते हैं, तो आपको पूरी तरह समर्पित होना पड़ता है। अगर इस गाने को सुनकर लोगों के रोंगटे खड़े होते हैं, तो यह अच्छी बात है। लेकिन हम चाहते हैं कि यह गाना लोगों के दिलों में गहराई तक उतरे और उन्हें हमेशा याद रहे।"
रितेश देशमुख की फिल्म 'राजा शिवाजी' में संजय दत्त, अभिषेक बच्चन, विद्या बालन, महेश मांजरेकर, सचिन खेडेकर, बोमन ईरानी, भाग्यश्री, फरदीन खान, जितेंद्र जोशी, अमोल गुप्ते और जेनेलिया देशमुख जैसे दमदार कलाकार शामिल हैं।
'राजा शिवाजी' 1 मई को मराठी, हिंदी और तेलुगु भाषाओं में विश्वभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।
यह फिल्म भारत के इतिहास के उस महाकाव्य को बड़े पर्दे पर जीवंत करेगी, जिसमें छत्रपति शिवाजी महाराज की विरासत का जश्न मनाया जाएगा। यह न केवल मनोरंजन करेगी, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वराज्य और साहस की प्रेरणा भी देगी।
.png)