क्या है रजत कपूर की नई फिल्म ‘एवरीबडी लव्स सोहराब हांडा’ का रहस्य? जानें मर्डर मिस्ट्री की दिलचस्प कहानी!
रजत कपूर की नई फिल्म का ट्रेलर जारी
मुंबई, 8 अप्रैल। अभिनेता और निर्देशक रजत कपूर अपनी आगामी फिल्म ‘एवरीबडी लव्स सोहराब हांडा’ के लिए तैयारियों में जुटे हैं। फिल्म का ट्रेलर हाल ही में जारी किया गया है। रजत ने बताया कि इस फिल्म की स्क्रिप्ट में 'भावनात्मक हिंसा' का तत्व उन्हें सबसे अधिक आकर्षित करता है।
उन्होंने कहा, “मुझे जॉनर सिनेमा में गहरी रुचि है। इस बार मेरा ध्यान मर्डर मिस्ट्री पर था, लेकिन जो चीज मुझे सबसे ज्यादा खींचती है, वह हत्या का रहस्य नहीं, बल्कि उससे पहले की भावनात्मक हिंसा है। फिल्म में ऐसे पात्र हैं जो एक-दूसरे के साथ मुस्कुराते हैं, ड्रिंक करते हैं और जश्न मनाते हैं। ये दोस्त और परिवार के सदस्य हैं, लेकिन उनके बीच कई दबी हुई बातें हैं जो जब बाहर आती हैं, तो अजीब घटनाएं घटित होती हैं।”
कहानी सोहराब हांडा (विनय पाठक) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक तेज-तर्रार और बदतमीज इंसान है। उसकी चतुराई और घमंड उसे हर जगह सबसे आगे रखता है। वह दूसरों को उकसाने में माहिर है। फिल्म की कहानी एक निजी सेलिब्रेशन के दौरान शुरू होती है, जहां शुरू में सब कुछ सामान्य लगता है, लेकिन धीरे-धीरे माहौल तनावपूर्ण हो जाता है। जब सोहराब की हत्या होती है, तो सभी के बीच शक और बेचैनी फैल जाती है।
रणवीर शौरी ने फिल्म के बारे में कहा, “यह फिल्म ऐसी नहीं है जिसमें हीरो और विलेन स्पष्ट रूप से दिखते हों। हर किरदार के साथ पछतावा, जलन और गुस्सा जुड़ा हुआ है। यही अस्पष्टता कहानी को और भी दिलचस्प बनाती है। रजत कपूर के निर्देशन में काम करना एक बेहतरीन अनुभव रहा।”
यह मर्डर मिस्ट्री और गहरी भावनात्मक कहानी दर्शकों को रोमांचित करने के लिए तैयार है। फिल्म में विनय पाठक, रणवीर शौरी, वालुशा डिसूजा, सौरभ शुक्ला, नील भूपालम, कोयल पुरी, चंद्रचूड़ राय, पालोमी घोष और रजत कपूर जैसे प्रमुख कलाकार शामिल हैं। फिल्म में 15 से अधिक बेहतरीन अभिनेता नजर आएंगे।
फिल्म को अप्लॉज एंटरटेनमेंट ने मिथ्या टॉकीज के सहयोग से बनाया है। यह फिल्म 10 अप्रैल को हिंदी में जी5 पर स्ट्रीम होगी।
.png)