Movie prime

क्या है योगी आदित्यनाथ की बायोपिक 'अजेय' की कहानी? जानें इस फिल्म के बारे में सब कुछ!

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर आधारित बायोपिक 'अजेय' का टीजर हाल ही में जारी किया गया है। इस फिल्म में योगी के जीवन के महत्वपूर्ण क्षणों को दर्शाया गया है, जिसमें उनके आध्यात्मिक और राजनीतिक सफर की कहानी शामिल है। फिल्म में अनंत जोशी मुख्य भूमिका में हैं, जबकि परेश रावल और दिनेश लाल यादव जैसे कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। जानें इस फिल्म के बारे में और क्या खास है!
 

योगी आदित्यनाथ पर आधारित बायोपिक 'अजेय'

क्या है योगी आदित्यनाथ की बायोपिक 'अजेय' की कहानी? जानें इस फिल्म के बारे में सब कुछ!


मुंबई, 26 मार्च। 'मैं योगी हूं और योगी ही रहूंगा...' यह वाक्य उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर बन रही नई बायोपिक का हिस्सा है। इस फिल्म का नाम 'अजेय: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ ए योगी' रखा गया है। निर्माताओं ने हाल ही में इस फिल्म का टीजर जारी किया।


सम्राट सिनेमैटिक्स ने इंस्टाग्राम पर टीजर साझा करते हुए लिखा, “उसने सब कुछ त्याग दिया, लेकिन जनता ने उसे अपना बना लिया।”


टीजर में योगी आदित्यनाथ के जीवन के महत्वपूर्ण क्षणों को दर्शाया गया है, जिसमें उनके आध्यात्मिक और राजनीतिक सफर के महत्वपूर्ण मोड़ शामिल हैं। इसमें उनके प्रारंभिक जीवन, नाथपंथी योगी बनने का निर्णय और एक प्रभावशाली नेता के रूप में उनकी यात्रा को भी दिखाया गया है।


फिल्म 'अजेय' लेखक शांतनु गुप्ता की पुस्तक 'द मॉन्क हू बिकेम चीफ मिनिस्टर: द डेफिनिटिव बायोग्राफी ऑफ योगी आदित्यनाथ' पर आधारित है।


टीजर में ड्रामा, इमोशंस, एक्शन और त्याग का अद्भुत मिश्रण देखने को मिला है। इस फिल्म में अभिनेता अनंत जोशी योगी आदित्यनाथ की भूमिका निभाते नजर आएंगे। उनके साथ परेश रावल, दिनेश लाल यादव 'निरहुआ', अजय मेंगी, पवन मल्होत्रा, गरिमा सिंह और राजेश खट्टर भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं।


निर्माता रितु मेंगी ने कहा, “योगी आदित्यनाथ का जीवन चुनौतियों और परिवर्तनों से भरा रहा है। हमारी फिल्म उनके सफर को एक आकर्षक तरीके से पेश करने के लिए तैयार है, जिसमें उन घटनाओं को उजागर किया गया है जो उनके जीवन में महत्वपूर्ण रही हैं। 'अजेय' में बेहतरीन कलाकार हैं, जो कहानी को मनोरंजक तरीके से प्रस्तुत करेंगे। हम फिल्म की रिलीज को लेकर उत्साहित हैं।”


फिल्म का संगीत मीत ब्रदर्स ने तैयार किया है, जबकि इसकी कहानी दिलीप बच्चन झा और प्रियांक दुबे ने लिखी है।


निर्देशक रवींद्र गौतम ने कहा, “यह फिल्म देश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है, जिसमें एक साधारण लड़के की कहानी है जो उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनता है। उनकी यात्रा दृढ़ संकल्प और नेतृत्व की है, और हमने इस अनुभव को साकार करने के लिए कड़ी मेहनत की है।”


सम्राट सिनेमैटिक्स के बैनर तले रितु मेंगी द्वारा निर्मित यह फिल्म इस साल हिंदी के साथ-साथ तेलुगू, तमिल, कन्नड़ और मलयालम में भी रिलीज होगी।


OTT