Movie prime

क्या है मनोज बाजपेयी की नई फिल्म 'गवर्नर' की कहानी? जानें ट्रेलर में क्या है खास!

मनोज बाजपेयी की नई फिल्म 'गवर्नर' का ट्रेलर हाल ही में रिलीज हुआ है, जो 1990 के दशक के आर्थिक संकट पर आधारित है। फिल्म में मनोज बाजपेयी आरबीआई के गवर्नर की भूमिका में नजर आएंगे, जो देश की बिगड़ती आर्थिक स्थिति को संभालने की कोशिश कर रहे हैं। जानें इस फिल्म की कहानी, ट्रेलर की खास बातें और रिलीज की तारीख।
 
क्या है मनोज बाजपेयी की नई फिल्म 'गवर्नर' की कहानी? जानें ट्रेलर में क्या है खास!

मनोज बाजपेयी की 'गवर्नर' का ट्रेलर हुआ रिलीज




मुंबई, 26 मई। बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता मनोज बाजपेयी की नई फिल्म 'गवर्नर' इन दिनों काफी चर्चा में है। मंगलवार को इस फिल्म का ट्रेलर जारी किया गया, जिसने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। यह फिल्म भारत के इतिहास के एक कठिन समय को दर्शाती है, जब देश 1990 के दशक में गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहा था। उस समय भारत की आर्थिक स्थिति इतनी खराब थी कि देश दिवालिया होने के कगार पर पहुंच गया था। ट्रेलर में डर, तनाव और देश को बचाने के प्रयासों को गंभीरता से दिखाया गया है।


ट्रेलर में यह भी दिखाया गया है कि देश की गिरती अर्थव्यवस्था के कारण आम जनता में गुस्सा और बेचैनी है। लोग सरकार और आर्थिक हालात को लेकर चिंतित हैं। भारत के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि देश को आर्थिक रूप से टूटने से कैसे बचाया जाए। हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि सरकार और बड़े अधिकारियों को कुछ कठोर निर्णय लेने की आवश्यकता पड़ती है।


यह फिल्म सच्ची घटनाओं से प्रेरित बताई जा रही है और भारत के सबसे बड़े आर्थिक संकटों में से एक पर आधारित है। ट्रेलर में मनोज बाजपेयी भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के गवर्नर के रूप में नजर आएंगे, जो देश की बिगड़ती आर्थिक स्थिति को संभालने और भारत को संकट से बाहर निकालने की कोशिश करते हैं। उनके गंभीर और शांत अंदाज ने दर्शकों को काफी प्रभावित किया है।


रिपोर्टों के अनुसार, मनोज बाजपेयी का किरदार पूर्व आरबीआई गवर्नर एस. वेंकटरमणन से प्रेरित हो सकता है, जो 1991 के आर्थिक संकट के दौरान आरबीआई के गवर्नर थे। हालांकि, फिल्म के निर्माताओं ने अभी तक इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।


फिल्म को सनशाइन पिक्चर्स द्वारा प्रस्तुत किया जा रहा है, जबकि इसे विपुल अमृतलाल शाह ने प्रोड्यूस किया है और निर्देशन चिन्मय मंडलेकर ने किया है। फिल्म के सह-निर्माता आशिन ए. शाह हैं। कहानी सुवेंदु भट्टाचार्य, सौरभ भारत, रवि असरानी और विपुल अमृतलाल शाह ने मिलकर लिखी है।


फिल्म के संगीत पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। इसके गानों के बोल प्रसिद्ध गीतकार जावेद अख्तर ने लिखे हैं, जबकि संगीत अमित त्रिवेदी ने तैयार किया है। ट्रेलर में बैकग्राउंड म्यूजिक कहानी के तनाव और गंभीर माहौल को और भी मजबूत बनाता है।


फिल्म 'गवर्नर' 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।


OTT