क्या है 'फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल' का जादू? जानें कैसे साइकिलिंग ने युवाओं को किया प्रेरित!
फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल का 77वां संस्करण
नई दिल्ली, 7 जून। देशभर में स्वास्थ्य, फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को फैलाने के लिए आयोजित 'फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल' अभियान का 77वां संस्करण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में दिल्ली से लेकर मुंबई, भोपाल, जम्मू और बीकानेर तक बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। जनप्रतिनिधियों, कलाकारों, खिलाड़ियों और आम नागरिकों ने साइकिल चलाकर स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने का संदेश दिया।
दिल्ली में आयोजित इस कार्यक्रम में अभिनेता विक्रांत मैसी ने विशेष रूप से भाग लिया। उन्होंने कहा कि यह रविवार की सुबह उन्हें अपने बचपन की याद दिलाती है, जब वे दोस्तों के साथ साइकिल चलाते थे। उन्होंने आईएएनएस से बातचीत में बताया, "केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया के साथ सकारात्मक चर्चा हुई और इस अभियान का मुख्य संदेश है कि लोगों को अपनी सेहत का ध्यान रखना चाहिए।"
विक्रांत ने यह भी कहा कि भारत को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने के लिए नागरिकों का स्वस्थ रहना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि पिछले डेढ़ साल से चल रहा 'संडे ऑन साइकिल' कार्यक्रम लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक कर रहा है।
मुंबई में भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई) द्वारा वर्ली कोस्टल रोड के पास एक भव्य साइकिलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अभिनेता जैकी श्रॉफ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस और फिट इंडिया एंबेसडर दिनेश शेट्टी ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।
अमृता फडणवीस ने कहा कि साइकिलिंग स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है और इसे नियमित रूप से अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा, "ड्रग्स को ना कहें और जिंदगी को हां कहें। योग, ध्यान और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर जीवन को बेहतर बनाया जा सकता है।"
भोपाल में भी विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर बड़े पैमाने पर साइकिलिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रदेश के मंत्री विश्वास सारंग ने इसमें भाग लिया और कहा कि 'संडे ऑन बायसिकल' अभियान को व्यापक स्तर पर चलाया जा रहा है। भोपाल कलेक्टर प्रियंका मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 'मिशन लाईफ' लोगों को पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करने का उद्देश्य है। अभिनेत्री ऐश्वर्या राज ने युवाओं से फिट रहने और सकारात्मक सोच अपनाने का आह्वान किया।
जम्मू में युवा मामले एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में 'फिट इंडिया मूवमेंट' के तहत साइकिल रैली का आयोजन किया गया। फिटनेस प्रेमी और जेकेएएस अधिकारी अनीसा नबी ने कहा कि इस पहल में सभी आयु वर्ग के लोग शामिल हुए। आयोजन के मुख्य समन्वयक स्वंत सिंह गिल ने कहा कि साइकिलिंग न केवल फिट रहने का सरल तरीका है, बल्कि यह लोगों को पुरानी स्वस्थ जीवनशैली से भी जोड़ती है।
राजस्थान के बीकानेर में भी इस अवसर पर विशाल साइकिल रैली का आयोजन किया गया, जिसमें केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल मुख्य अतिथि रहे। युवाओं, छात्रों, अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और आम नागरिकों ने भाग लेकर फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। देशभर में आयोजित इन कार्यक्रमों ने यह स्पष्ट किया कि स्वस्थ शरीर, स्वच्छ पर्यावरण और सक्रिय जीवनशैली ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं।
.png)