क्या है 'नागबंधम' फिल्म का रहस्य? जानें इस पौराणिक कहानी के बारे में!
पौराणिक कथाओं पर आधारित नई फिल्म 'नागबंधम'
नई दिल्ली, 3 अप्रैल। भारतीय सिनेमा में पौराणिक और रहस्यमय कहानियों का हमेशा से एक विशेष स्थान रहा है। दर्शक ऐसे विषयों पर आधारित फिल्मों को पसंद करते हैं, जो इतिहास, परंपरा और रोमांच का अनूठा मिश्रण प्रस्तुत करती हैं। इसी क्रम में, एक नई फिल्म 'नागबंधम' चर्चा का विषय बनी हुई है, जो एक पौराणिक कथा को एक नए दृष्टिकोण से पेश करने जा रही है। हाल ही में इस फिल्म से जुड़ी एक महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है, जिसने दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है।
इस फिल्म की डबिंग प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसमें मुख्य भूमिका में विराट कर्ण नजर आएंगे। दिलचस्प बात यह है कि अनुभवी अभिनेता जगपति बाबू इस फिल्म के लिए अपनी आवाज दे रहे हैं। फिल्म का निर्देशन अभिषेक नामा ने किया है।
प्रोडक्शन हाउस निक स्टूडियो ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इस खबर को साझा करते हुए लिखा, ''अनसुना राज जिंदगी के और करीब आ गया है। 'नागबंधम' डबिंग सेशन शुरू हो गया है। हमेशा की तरह वर्सेटाइल जगपति बाबू स्टूडियो में शामिल हो रहे हैं। 3 जुलाई को यह फिल्म विश्वभर में रिलीज होगी।''
इस पोस्ट के साथ एक वीडियो भी साझा किया गया है, जिसमें जगपति बाबू डबिंग करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है। इसकी स्टार कास्ट भी काफी प्रभावशाली है, जिसमें नाभा नटेश और ऐश्वर्या मेनन मुख्य भूमिकाओं में हैं। इसके अलावा, जगपति बाबू, जयप्रकाश, मुरली शर्मा और बी.एस. अविनाश जैसे कलाकार सहायक भूमिकाओं में नजर आएंगे।
फिल्म की कहानी भारत के प्राचीन विष्णु मंदिरों के रहस्यों पर आधारित है। इसमें 'नागबंधम' नामक एक पवित्र परंपरा को दर्शाया गया है, जो मंदिरों में छिपे खजानों और रहस्यों की रक्षा से संबंधित मानी जाती है।
कहानी पद्मनाभस्वामी मंदिर और पुरी जगन्नाथ मंदिर जैसे ऐतिहासिक स्थलों से प्रेरित है। इन मंदिरों से जुड़े रहस्यों और खजानों की कहानियां लंबे समय से चर्चा का विषय रही हैं, और अब इन्हें एक नए अंदाज में बड़े पर्दे पर प्रस्तुत किया जाएगा।
फिल्म के तकनीकी पहलुओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। इसकी सिनेमैटोग्राफी साउंडर राजन एस ने की है, जबकि संगीत अभे और जुनैद कुमार ने तैयार किया है। संवाद कल्याण चक्रवर्ती ने लिखे हैं और संपादन संतोष कामिरेड्डी ने किया है।
'नागबंधम' को तेलुगु, हिंदी, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में 3 जुलाई को रिलीज किया जाएगा।
.png)