क्या है 'डबल ऑक्यूपेंसी' की कहानी? जानें संतोष की मेहनत और खुशबू का समर्थन!
फिल्म 'डबल ऑक्यूपेंसी' की चर्चा
मुंबई, 27 मई। रोमांटिक फैंटेसी ड्रामा 'डबल ऑक्यूपेंसी' इन दिनों सुर्खियों में है। इसकी कहानी और कलाकारों की मेहनत ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया है। इस फिल्म की निर्माता और प्रसिद्ध अभिनेत्री खुशबू सुंदर ने अभिनेता संतोष की सराहना की। उन्होंने बताया कि संतोष ने अपने किरदार को वास्तविकता में ढालने के लिए बारटेंडिंग का कोर्स किया और प्रशिक्षण लिया। सोशल मीडिया पर लोग संतोष की मेहनत की प्रशंसा कर रहे हैं।
फिल्म के प्री-रिलीज इवेंट में खुशबू ने कहा, ''मैं संतोष को उनके स्कूल के दिनों से जानती हूं। उनका सपना हमेशा से अभिनेता बनने का था। वह पढ़ाई में भी अच्छे थे, लेकिन उनका ध्यान हमेशा अभिनय की दुनिया में नाम कमाने पर था। उन्होंने अपने सपने को पूरा करने के लिए निरंतर मेहनत की। वह हर सुबह दौड़ते थे, घुड़सवारी सीखते थे और तैराकी करते थे, ताकि खुद को फिट और अनुशासित रख सकें।''
खुशबू ने आगे कहा, ''फिल्म 'डबल ऑक्यूपेंसी' में संतोष बारटेंडर का किरदार निभा रहे हैं। वह चाहते थे कि उनका अभिनय पर्दे पर पूरी तरह असली लगे। इसके लिए उन्होंने बारटेंडिंग सीखी और एक सर्टिफिकेट कोर्स भी किया, ताकि कैमरे के सामने उनका हर एक्सप्रेशन और एक्टिंग वास्तविक लगे। जब कोई कलाकार अपने काम के प्रति इतना समर्पित होता है, तो सफलता उसके पास खुद चलकर आती है।''
इस इवेंट में संतोष भी मौजूद थे। उन्होंने खुशबू को अपनी जिंदगी का महत्वपूर्ण व्यक्ति बताया। उन्होंने कहा, ''किसी नए अभिनेता को इतनी जल्दी हीरो बनने का मौका मिलना आसान नहीं होता। कई बार प्रोडक्शन हाउस अपनी मर्जी से कहानी और किरदार तय करते हैं, लेकिन खुशबू ने मुझ पर विश्वास किया और मुझे स्वतंत्रता से काम करने दिया। उन्होंने मुझे जो सम्मान और खुशी दी है, उसे मैं कभी नहीं भूल सकता।''
संतोष ने फिल्म की क्रिएटिव प्रोड्यूसर आनंदिता सुंदर के बारे में भी कहा, ''लोग उन्हें केवल फिल्म की क्रिएटिव प्रोड्यूसर के रूप में जानते हैं, लेकिन मेरे लिए वह बचपन की दोस्त हैं। स्कूल के दिनों से ही वह मेरे सपनों और संघर्षों के बारे में जानती थीं। जब भी मैं अपने सपनों की बात करता था, तो आनंदिता हमेशा मेरी बातें ध्यान से सुनती थीं और मेरा हौसला बढ़ाती थीं।''
फिल्म 'डबल ऑक्यूपेंसी' का निर्माण अवनी मूवीज और बेंज मीडिया द्वारा किया जा रहा है। यह फिल्म दर्शाएगी कि कैसे एक व्यक्ति दो अलग-अलग रूपों में जीता है और उसके निर्णय दूसरों की जिंदगी पर प्रभाव डालते हैं। संतोष के साथ संयुक्ता विश्वनाथन, रेशमा वेंकटेश और विनोद किशन भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।
.png)