क्या है 'चिंदी पकड़' फिल्म की अनकही कहानी? जानें कचरा बीनने वालों की जिंदगी की सच्चाई!
फिल्म 'चिंदी पकड़' का ट्रेलर हुआ लॉन्च
मुंबई, 9 अगस्त। बड़े पर्दे पर अक्सर भव्य जीवन और चमक-दमक की कहानियां देखने को मिलती हैं, लेकिन इन सबके पीछे कई ऐसी जिंदगियां हैं जो कठिनाइयों में जी रही हैं। कचरे के ढेरों के बीच अपने परिवार का भरण-पोषण करने वाले लोग इन्हीं अनदेखी जिंदगियों का हिस्सा हैं। फिल्म निर्माता प्रसेनजीत चक्रवर्ती अपनी नई फिल्म 'चिंदी पकड़' के माध्यम से इसी वास्तविकता को दर्शकों के सामने लाने का प्रयास कर रहे हैं।
फिल्म के ट्रेलर के लॉन्च इवेंट में अभिनेता मकरंद देशपांडे, राकेश बेदी और अन्य कलाकार शामिल हुए। इस अवसर पर फिल्म की कहानी और विषय ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। 'चिंदी पकड़' का ट्रेलर एक ऐसी दुनिया में ले जाता है, जहां हर दिन संघर्ष का सामना करना पड़ता है और लोगों को कचरे में अपने भविष्य की तलाश करनी पड़ती है।
यह फिल्म कचरा बीनने वालों की जिंदगी पर आधारित है। शहर के बड़े डंपिंग ग्राउंड और गंदगी के बीच रहने वाले इन लोगों की समस्याओं को फिल्म ने बिना किसी दिखावे के प्रस्तुत किया है। ट्रेलर में गरीबी, नशे की समस्या, शोषण और रोजमर्रा की जिंदगी में सम्मान के लिए संघर्ष को दर्शाया गया है। फिल्म का एक महत्वपूर्ण पहलू यह है कि यह इन समस्याओं के पीछे छिपे मानव दर्द को समझने का अवसर देती है।
ट्रेलर यह भी बताता है कि यह फिल्म केवल कचरा बीनने वालों की कहानी नहीं है, बल्कि उनके सपनों, परिवारों, मजबूरियों और सम्मान के लिए जारी संघर्ष की कहानी है। इसमें दिखाए गए पात्रों की जिंदगी चुनौतियों से भरी हुई है।
फिल्म का लेखन और निर्देशन प्रसेनजीत चक्रवर्ती ने किया है। इसमें चित्राली दास, राजकुमार द्विवेदी, मनोज करोटिया और देबरंजन नाग जैसे कलाकार प्रमुख भूमिकाओं में हैं। ट्रेलर में कलाकारों का प्रदर्शन बहुत ही स्वाभाविक और वास्तविक प्रतीत होता है।
'चिंदी पकड़' की एक और खास बात यह है कि इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिल चुकी है। फिल्म का वर्ल्ड प्रीमियर 78वें कान फिल्म फेस्टिवल के मार्चे डू फिल्म में हुआ था। इस अवसर पर अभिनेता बोमन ईरानी और मकरंद देशपांडे ने फिल्म का आधिकारिक पोस्टर लॉन्च किया। इसके बाद फिल्म ने कई अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में सराहना प्राप्त की है।
.png)