क्या है 'गवर्नर: द साइलेंट सेवियर' की कहानी? मनोज बाजपेयी ने किया खुलासा
मनोज बाजपेयी की नई फिल्म 'गवर्नर: द साइलेंट सेवियर'
मुंबई, 29 मई। अभिनेता मनोज बाजपेयी इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'गवर्नर: द साइलेंट सेवियर' को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म का ट्रेलर और टीजर रिलीज होने के बाद दर्शकों में इसे देखने की उत्सुकता बढ़ गई है। मनोज ने एक इंटरव्यू में बताया कि यह फिल्म भारत के इतिहास के एक कठिन समय की कहानी है। उन्होंने कहा कि इसकी स्क्रिप्ट बेहद प्रभावशाली है और इसमें पहली बार पर्दे के पीछे के नायक की कहानी को दर्शाया गया है।
मनोज ने फिल्म के विषय पर बात करते हुए कहा, ''यह एक अनोखी कहानी है, जिसमें एक आरबीआई गवर्नर की भूमिका है, जिसने देश के सबसे बड़े आर्थिक संकट के समय अपने निर्णयों से भारत को बचाया। इस किरदार को पर्दे पर जीवंत बनाना मेरे लिए चुनौतीपूर्ण था, क्योंकि असल जीवन में ऐसे लोग आमतौर पर सुर्खियों से दूर रहते हैं। उनका कार्य फाइलों और नीतियों के बीच होता है। ऐसे गंभीर व्यक्तित्व को प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत करना मेरे लिए एक बड़ी जिम्मेदारी थी।''
उन्होंने आगे कहा, ''किरदार की भाषा और व्यक्तित्व को वास्तविकता के करीब लाने के लिए मुझे काफी मेहनत करनी पड़ी। एक उच्च पद पर बैठे अधिकारी की हिंदी और बातचीत का लहजा आम लोगों से भिन्न होता है। इसलिए मैंने अपने डिक्शन और डायलॉग डिलीवरी पर ध्यान केंद्रित किया।''
मनोज ने बताया कि किसी भी किरदार को निभाने से पहले वह उसके सामाजिक और मानसिक परिवेश को समझने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा, ''एक अभिनेता का काम केवल डायलॉग बोलना नहीं होता, बल्कि उस व्यक्ति की पूरी दुनिया को अपने अंदर महसूस करना होता है।''
फिल्म के निर्देशक चिन्मय मांडलेकर के बारे में बात करते हुए मनोज ने कहा, ''वह एक जुनूनी फिल्ममेकर हैं। इस फिल्म को बनाने में काफी समय लगा, क्योंकि चिन्मय ने इसकी कहानी पर गहराई से काम किया है। वह चाहते थे कि फिल्म केवल जानकारी देने वाली न हो, बल्कि भावनात्मक और रोमांचक भी हो।''
ट्रेलर की शुरुआत में एक आवाज सुनाई देती है, ''देश कंगाल होने वाला है।'' यह 1990 का समय है, जब भारत आर्थिक संकट का सामना कर रहा था। ट्रेलर में मनोज का किरदार शांत लेकिन मजबूत दिखाया गया है। उनसे पूछा जाता है कि अगर उन्हें पहले से संकट का अंदाजा था, तो उन्होंने इसका समाधान क्या सोचा है।
मनोज का किरदार संकट से बाहर निकलने की योजना बनाता है। ट्रेलर में एक प्रभावशाली डायलॉग है- ''अगर मैं फेल हुआ तो आरबीआई फेल हो जाएगा, और अगर आरबीआई फेल हुआ तो इंडिया फेल हो जाएगा।''
फिल्म में अभिनेत्री अदा शर्मा भी महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आएंगी। 'गवर्नर: द साइलेंट सेवियर' की कहानी सुवेंदु भट्टाचार्य, सौरभ भारत, रवि असरानी और विपुल अमृतलाल शाह ने मिलकर लिखी है। इसका निर्देशन चिन्मय मांडलेकर ने किया है। फिल्म के गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं, जबकि संगीत अमित त्रिवेदी ने दिया है। यह फिल्म 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
.png)