क्या है कीर्ति कुल्हारी की नई फिल्म 'किनारे' की खासियत? जानें डीआईएफएफ में इसकी स्क्रीनिंग के बारे में!
कीर्ति कुल्हारी की फिल्म 'किनारे' का उत्साह
मुंबई, 15 अक्टूबर। अभिनेत्री और निर्माता कीर्ति कुल्हारी अपनी आगामी फिल्म 'किनारे' को लेकर बेहद उत्साहित हैं। यह फिल्म धर्मशाला इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (डीआईएफएफ) में प्रदर्शित की जाएगी। कीर्ति ने इसे अपने प्रोडक्शन का 'पहला बच्चा' बताते हुए कहा कि इसकी सरलता और दिल को छू लेने वाली कहानी ने उन्हें इसे बनाने के लिए प्रेरित किया।
फिल्म के बारे में बात करते हुए कीर्ति ने कहा, "'किनारे' मेरे लिए एक विशेष फिल्म है। इसकी कहानी ने मुझे छुआ है। यह एक साधारण और भावनात्मक फिल्म है, जिसमें बारीकियों को खूबसूरती से दर्शाया गया है। मुझे ऐसी कहानियाँ ईरानी फिल्मों में देखने को मिलती हैं, जिन्हें मैं हमेशा पसंद करती रही हूं। जब मुझे यह कहानी मिली, तो मैंने तुरंत इसे बनाने का निर्णय लिया।"
उन्होंने आगे कहा, "मैं चाहती थी कि इस फिल्म को स्वतंत्र रूप से बनाया जाए, ताकि इसे उसी रूप में प्रस्तुत किया जा सके, जैसा मैंने और मेरी टीम ने सोचा था। फिल्म से जुड़े सभी लोगों ने इसकी कहानी पर विश्वास किया और सिनेमा के प्रति अपने प्यार के कारण इसका हिस्सा बने। मैं खुश हूं कि पूरी टीम ने मेरा साथ दिया और 'किनारे' जैसी फिल्म दर्शकों तक पहुंचाने का अवसर मिला।"
फिल्म में कीर्ति के सह-कलाकार राजीव सिद्धार्थ ने भी इसकी कहानी की सराहना की। उन्होंने कहा, "हर अभिनेता ऐसी स्क्रिप्ट की तलाश में रहता है, जिसमें केवल शब्दों का महत्व न हो, बल्कि उन शब्दों के पीछे छिपी भावनाओं को समझने और उन्हें पर्दे पर लाने का मौका मिले। 'किनारे' में मुझे ऐसा अनुभव मिला।"
राजीव ने कहा, "फिल्म की कहानी का विषय ऐसा है, जिससे हर कोई जुड़ाव महसूस कर सकता है। मुझे उम्मीद है कि दर्शक इससे प्रभावित होंगे और यह कहानी उनके भीतर कुछ बदलाव लाएगी।"
कीर्ति कुल्हारी की पहली फीचर फिल्म प्रोडक्शन 'किनारे' की कहानी दिल्ली के पास के एक गांव की पृष्ठभूमि पर आधारित है। फिल्म में कीर्ति अमीना का किरदार निभा रही हैं, जो अकेली रहती हैं और अपने बुजुर्ग माता-पिता की देखभाल करती हैं। उनकी जिंदगी में बदलाव तब आता है, जब 15 साल बाद उनका कजिन भाई आजम अचानक उनसे मिलने आता है। उसकी वापसी से परिवार के अतीत से जुड़े राज सामने आने लगते हैं, जो कभी परिवार के रिश्तों में दरार का कारण बने थे।
फिल्म की कहानी और निर्देशन कादरी ब्रदर्स, यानी अकबर कादरी और आजम कादरी ने किया है। कीर्ति ने इसे अपने प्रोडक्शन बैनर किंत्सुकुरोई फिल्म्स के तहत बनाया है, जबकि अभिषेक कोका और मानसी गुप्ते ने इसे सह-निर्मित किया है।
.png)