क्या है 'किसका कसूर' की कहानी? जानें अर्जित तनेजा और अन्य कलाकारों के अनुभव
सीरीज 'किसका कसूर' का ट्रेलर हुआ रिलीज
मुंबई, 27 नवंबर। एमएक्स ओरिजिनल सीरीज 'किसका कसूर' का ट्रेलर हाल ही में लॉन्च किया गया है। इस सीरीज में अर्जित तनेजा अनुज के किरदार में नजर आएंगे। ट्रेलर में जुड़वां भाइयों आदित्य और अनुज की कहानी को दर्शाया गया है। आदित्य को परिवार का आदर्श बेटा माना जाता है, जबकि अनुज को अक्सर परिवार का बिगड़ा हुआ सदस्य समझा जाता है।
कहानी में एक बड़ा मोड़ तब आता है जब अनुज एक दुर्घटना के बाद अपने भाई की गलती को अपने सिर ले लेता है, जिसके चलते उसे दो साल जेल में बिताने पड़ते हैं। इस किरदार को निभाने के अपने अनुभव के बारे में अर्जित ने भी बात की है।
अर्जित तनेजा ने अनुज के बारे में कहा, ''अनुज का परिवार और उसके आस-पास के लोगों के साथ रिश्ते कभी भी सहज नहीं रहे। उसने अपने जीवन का अधिकांश समय दूसरों की अपेक्षाओं और तुलना के बीच बिताया है, लेकिन उसके बागी स्वभाव के पीछे एक ऐसा इंसान है जो अपने प्रियजनों से गहरा प्यार करता है।''
उन्होंने आगे कहा, ''अपने भाई की गलती की जिम्मेदारी लेने का निर्णय उसकी जिंदगी को पूरी तरह बदल देता है। इसके बाद उसकी जिंदगी में नुकसान, गुस्सा और एक ऐसी दुनिया में अपनी पहचान बनाने की कोशिश का दौर शुरू होता है, जिसने पहले ही उसके बारे में राय बना ली है। अनुज का किरदार निभाते हुए मुझे कई प्रकार के भावनाओं को पर्दे पर लाने का अवसर मिला। यही कारण है कि यह किरदार मेरे लिए खास और दिलचस्प रहा।''
ट्रेलर में यह भी दिखाया गया है कि अनुज का अपने भाई के लिए किया गया बलिदान उसकी स्वतंत्रता से कहीं अधिक मूल्यवान है। दोनों भाइयों के बीच प्यार और वफादारी के साथ-साथ नाराजगी और धोखे की परतें भी जुड़ जाती हैं। जैसे-जैसे सच सामने आता है, सही और गलत के बीच का अंतर भी धुंधला होता जाता है।
सीरीज में आदित्य का किरदार पुलकित मकोल निभा रहे हैं। उन्होंने कहा, '''किसका कसूर' की सबसे अच्छी बात यह है कि मुझे एक ऐसी टीम के साथ काम करने का मौका मिला, जिसमें हर किरदार की अपनी अलग कहानी है। अर्जित, प्रणाली और अन्य कलाकारों के साथ काम करना और अजय भुयान के निर्देशन में शूटिंग करना मेरे लिए एक यादगार अनुभव रहा।''
पुलकित ने बताया, ''आदि और अनुज के रिश्ते में कई परतें हैं। दोनों के बीच के इस रिश्ते को समझना और किरदार की विभिन्न खूबियों को पर्दे पर लाना दिलचस्प रहा। सेट पर पूरी टीम के साथ काम करने का माहौल भी शानदार था।''
सीरीज में ब्यूटी का किरदार प्रणाली राठौड़ निभा रही हैं। उन्होंने कहा, ''ब्यूटी दो भाइयों के बीच उलझे हुए रिश्ते का हिस्सा है, जहां प्यार, वफादारी और सच के बीच लगातार टकराव होता है। मुझे उसके सफर की सबसे दिलचस्प बात यह लगी कि वह सिर्फ अपने रिश्तों को संभालने की कोशिश नहीं कर रही, बल्कि अपनी भावनाओं और दूसरों के फैसलों के परिणामों से भी जूझ रही है।''
प्रणाली ने बताया कि कहानी के आगे बढ़ने के साथ उनके किरदार के कई पहलू सामने आते हैं। यह उनकी पहली लीड स्ट्रीमिंग सीरीज है और वह दर्शकों को अपना नया अंदाज दिखाने के लिए उत्साहित हैं।
अजय भुयान के निर्देशन में बनी इस सीरीज को टेंपल बेल्स फिल्म्स के बैनर तले प्रत्युषा जयप्रकाश और उज्ज्वल आनंद ने प्रोड्यूस किया है।
प्राइम वीडियो इंडिया में एवीओडी कंटेंट के डायरेक्टर अमोघ दुसाद ने बताया कि 'किसका कसूर' पारिवारिक रिश्तों की जटिलताओं को दर्शाती है, जहां उम्मीदें, वफादारी और व्यक्तिगत निर्णय कई बार अप्रत्याशित परिणाम लाते हैं। इस सीरीज में पारिवारिक ड्रामा के साथ-साथ अपराध की कहानी का रोमांच भी देखने को मिलेगा। 'किसका कसूर' का प्रीमियर 2 दिसंबर को होगा।
.png)