क्या है 'अस्सी' की कहानी? जानें मनोज पाहवा के साथ फिल्म के खास पहलू
फिल्म 'अस्सी' का प्रमोशन और मनोज पाहवा की बातें
अमृतसर, 3 फरवरी। बॉलीवुड की नई सोशल थ्रिलर फिल्म 'अस्सी' इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। फिल्म के प्रचार के लिए अभिनेता मनोज पाहवा, कुमुद मिश्रा और निर्देशक अनुभव सिन्हा अमृतसर पहुंचे। इस अवसर पर मनोज पाहवा ने फिल्म के विषय पर विस्तार से चर्चा की और बताया कि दर्शकों को इसे क्यों देखना चाहिए।
मनोज पाहवा ने कहा, "हम पूरी टीम के साथ 'अस्सी' के प्रचार के लिए यहां आए हैं। यह फिल्म समाज से जुड़े गंभीर मुद्दों को उठाती है। यह केवल एक मनोरंजन फिल्म नहीं है, बल्कि यह दर्शकों को सोचने पर मजबूर करती है।"
फिल्म के कंटेंट पर बात करते हुए उन्होंने कहा, "'अस्सी' में थ्रिलर और कोर्टरूम ड्रामा का अद्भुत मिश्रण देखने को मिलेगा। इसकी कहानी इतनी प्रभावशाली और तेज है कि दर्शक एक पल के लिए भी बोर नहीं होंगे। हर दृश्य किसी न किसी सवाल को उठाता है और दर्शकों को कहानी से जोड़े रखता है। कोर्टरूम के दृश्य विशेष रूप से फिल्म की जान हैं, जहां संवाद और भावनाएं गहरी छाप छोड़ती हैं।"
अनुभव सिन्हा, जिन्होंने पहले 'मुल्क', 'थप्पड़', और 'आर्टिकल 15' जैसी फिल्मों में सामाजिक मुद्दों पर बेबाक राय रखी है, इस फिल्म में भी समाज और सिस्टम पर सवाल उठाते नजर आएंगे।
मनोज पाहवा ने पहले कहा था, "आज के समय में सिनेमा का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं है, बल्कि समाज के सामने आईना रखना भी है। 'अस्सी' इसी सोच के साथ बनाई गई है। इसमें ऐसे मुद्दों को उठाया गया है, जिन पर अक्सर चर्चा नहीं होती। यह फिल्म दर्शकों को सवाल पूछने, सोचने और अपनी राय बनाने के लिए प्रेरित करती है, जो सार्थक सिनेमा की सबसे बड़ी ताकत होती है।"
फिल्म में तापसी पन्नू, कानी कुसृति, रेवती, कुमुद मिश्रा, जीशान अय्यूब, नसीरुद्दीन शाह, सुप्रिया पाठक और सीमा पाहवा जैसे कलाकार प्रमुख भूमिकाओं में हैं।
'अस्सी' 20 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।
.png)