क्या मास्टर शेफ इंडिया में छिड़ा प्यार? विकास खन्ना पर कंटेस्टेंट का दिल आया!
मास्टर शेफ इंडिया सीजन 9 की शुरुआत
मुंबई, 7 जनवरी। सोनी टीवी पर 5 जनवरी से कुकिंग शो 'मास्टर शेफ इंडिया सीजन 9' का आगाज हो चुका है, जिसमें कई दिलचस्प जोड़ियां नजर आ रही हैं।
इस बार एक कंटेस्टेंट का ध्यान खाना बनाने पर नहीं, बल्कि शेफ विकास खन्ना पर है। ऋतु नाम की इस प्रतिभागी ने विकास को छेड़ने का कोई मौका नहीं छोड़ा, और विकास भी उनकी बातों का प्यार से जवाब दे रहे हैं।
सोनी लिव ने इस शो का नया प्रोमो जारी किया है, जिसमें ऋतु विकास से लिपट जाती हैं और कहती हैं कि उन्हें विकास बहुत पसंद हैं। रणवीर बरार और कुणाल कपूर इस मौके का फायदा उठाते हैं और ऋतु को बताते हैं कि विकास असल में बहुत रोमांटिक हैं। यह सुनकर ऋतु विकास को रोमांटिक शायरी सुनाती हैं और उनका हाथ पकड़कर रोमांस करने लगती हैं। विकास बचने की कोशिश करते हैं, लेकिन ऋतु का दिल न टूटे, इसलिए वे उनका पूरा साथ देते हैं।
'मास्टर शेफ इंडिया सीजन 9' में कई प्रतिभागियों और जोड़ियों की कहानियां देखने को मिल रही हैं। हाल ही में एक प्रतिभागी रतना तमांग ने सबका ध्यान खींचा, जो नेपाल के काठमांडू से आए हैं और जिनके दोनों हाथ नहीं हैं।
रतना ने बताया कि पहले वे शेफ का काम करते थे, लेकिन एक दुर्घटना में उन्होंने अपने हाथ खो दिए। फिर भी, उन्होंने नकली हाथ की मदद से खाना बनाकर सभी को हैरान कर दिया। उनके हाथ में स्वाद के साथ-साथ नेपाल की पारंपरिक कला भी झलक रही थी। शेफ ने उन्हें मास्टर शेफ का एप्रन पहनाया और अगले राउंड के लिए चयनित किया। रतना अब सोशल मीडिया पर कुकिंग वीडियो पोस्ट करके अपना जीवन यापन कर रहे हैं।
.png)