क्या 'प्रहार' में राजकुमार राव की जगह मनोज बाजपेयी होते तो फिल्म का असर बढ़ता?
फिल्म 'प्रहार' पर दर्शकों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं
मुंबई, 16 अक्टूबर। 26/11 के मुंबई आतंकी हमले पर आधारित फिल्म 'प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम' को लेकर दर्शकों की प्रतिक्रियाएं मिश्रित रही हैं। इस फिल्म में राजकुमार राव ने सरकारी वकील उज्ज्वल निकम का किरदार निभाया है, जबकि ललित प्रभाकर ने आतंकी अजमल कसाब की भूमिका निभाई है। कुछ दर्शकों को फिल्म की कहानी और निर्देशन पसंद आया, जबकि अन्य ने इसकी गति और संपादन पर सवाल उठाए।
एक दर्शक ने सुझाव दिया कि अगर मनोज बाजपेयी को उज्ज्वल निकम के किरदार में लिया जाता, तो फिल्म का प्रभाव और भी बढ़ सकता था। ललित प्रभाकर के किरदार को दर्शकों ने सबसे अधिक सराहा।
एक दर्शक ने कहा, ''प्रहार' मुझे बहुत पसंद आई। ललित प्रभाकर का किरदार मेरा पसंदीदा है। मैं इसे साढ़े तीन स्टार दूंगा।'
दूसरे दर्शक ने कहा, ''मैं फिल्म को न तो अच्छा कह सकता हूं और न ही बुरा। यह ठीकठाक है। निर्देशन बेहतरीन है, राजकुमार राव और जयदीप अहलावत दोनों ही शानदार अभिनेता हैं। ललित प्रभाकर ने कसाब का किरदार निभाकर सभी का ध्यान खींचा है।''
तीसरे दर्शक ने कहा, ''26/11 पर पहले भी कई फिल्में बनी हैं, लेकिन 'प्रहार' का निर्देशन मुझे अलग लगा। राजकुमार राव का काम अच्छा था, लेकिन उज्ज्वल निकम के किरदार में मनोज बाजपेयी को लेना ज्यादा प्रभावी होता। उनकी आवाज में एक गहराई है, जो किरदार को और भी प्रभावी बनाती।''
एक अन्य दर्शक ने वामिका गब्बी के लुक और अभिनय पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा, ''वामिका इस फिल्म में सादगी से भरी नजर आईं, जबकि उनकी पिछली फिल्मों में उनका स्टाइलिश अंदाज अधिक देखने को मिला था।''
एक दर्शक ने कहा, ''यदि आप उज्ज्वल निकम की जिंदगी और उनके कार्यों के बारे में जानना चाहते हैं, तो यह फिल्म देख सकते हैं। लेकिन मुझे इसमें कोई खास मनोरंजन नहीं मिला। राजकुमार राव का अभिनय ठीक था, लेकिन निर्देशन में कुछ कमी थी।''
इस दर्शक ने नाना पाटेकर की फिल्म 'द अटैक्स ऑफ 26/11' की तुलना करते हुए कहा, ''मुझे वह फिल्म ज्यादा पसंद आई। 26/11 पर कई फिल्में बन चुकी हैं, और अब फिल्म निर्माताओं को इस विषय पर बार-बार फिल्में बनाने से बचना चाहिए।''
फिल्म 'प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम' का निर्देशन अविनाश अरुण ने किया है, जिसमें राजकुमार राव के साथ वामिका गब्बी, ललित प्रभाकर, जयदीप अहलावत, सिकंदर खेर और आशीष विद्यार्थी जैसे कलाकार शामिल हैं।
.png)