Movie prime

क्या जम्मू-कश्मीर का फिल्म फेस्टिवल बनेगा सिनेमा का नया केंद्र? अकबर खान की खास बातें

अकबर खान ने जम्मू-कश्मीर के पहले इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के आयोजन पर अपनी खुशी व्यक्त की है। उन्होंने इसे राज्य के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर बताया और सिनेमा की भूमिका पर अपने विचार साझा किए। खान का मानना है कि यह फेस्टिवल जम्मू-कश्मीर को सिनेमा की दुनिया में एक खास पहचान दिला सकता है। उन्होंने फिल्म फेस्टिवल के माध्यम से रचनात्मकता और सांस्कृतिक संवाद को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया।
 

अकबर खान का जम्मू-कश्मीर के पहले इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल पर बयान

मुंबई, 7 सितंबर। अभिनेता अकबर खान ने जम्मू-कश्मीर में आयोजित होने वाले पहले इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के प्रति अपनी खुशी व्यक्त की है। उन्होंने इसे राज्य के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर बताया और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला तथा आयोजन से जुड़े सभी लोगों को बधाई दी।


अकबर खान ने मीडिया से बातचीत में कहा, ''कश्मीर, जिसे दुनिया की जन्नत कहा जाता है, में इस स्तर का फिल्म फेस्टिवल होना एक बड़ी उपलब्धि है। मुझे इस आयोजन में आमंत्रित किया जाना गर्व की बात है, और मुझे उम्मीद है कि यह फेस्टिवल जम्मू-कश्मीर को सिनेमा की दुनिया में एक विशेष पहचान दिलाएगा।''


उन्होंने आगे कहा, ''सिनेमा विभिन्न देशों, संस्कृतियों और समाजों को जोड़ने का एक शक्तिशाली माध्यम है। फिल्मों में वह शक्ति होती है, जो विभिन्न विचारों और संस्कृतियों के बीच की दूरी को कम कर सकती है। जब किसी स्थान पर फिल्म फेस्टिवल आयोजित होता है, तो यह केवल फिल्मों का प्रदर्शन नहीं होता, बल्कि यह लेखकों, निर्देशकों, कलाकारों और अन्य रचनात्मक व्यक्तियों को एक-दूसरे से मिलने और अपने विचार साझा करने का अवसर भी प्रदान करता है।''


अकबर खान ने यह भी कहा, ''हर फिल्म, चाहे वह ऐतिहासिक हो, सांस्कृतिक हो, या रोमांस और एक्शन से भरी हो, अपने साथ एक संदेश लेकर आती है। ऐसे में फिल्म फेस्टिवल उन रचनाकारों के काम को दर्शकों तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण मंच बन जाता है।''


फेस्टिवल की ओपनिंग फिल्म 'डेड डॉग' के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, ''मैं इस फिल्म को देखने के लिए उत्सुक हूं और मुझे विश्वास है कि चयन समिति ने फिल्म के चयन में उनकी वास्तविक योग्यता को ध्यान में रखा होगा। किसी फिल्म को केवल किसी विशेष विचारधारा या राजनीतिक माहौल के आधार पर नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। सिनेमा को उसकी रचनात्मकता और क्षमता के आधार पर आंका जाना चाहिए।''


इतिहास के संदर्भ में अकबर खान ने कहा, ''इतिहास एक तथ्य है और यह समय के साथ नहीं बदलता। यदि किसी विशेष समय पर कोई ऐतिहासिक फिल्म बनाई गई है, तो उसे उस समय की कहानी और तथ्यों के अनुसार प्रस्तुत किया जाना चाहिए। सरकार या समय के बदलाव के साथ इतिहास के तथ्यों को बदलने की कोशिश नहीं होनी चाहिए। फिल्म निर्माताओं को अपनी रचनात्मक स्वतंत्रता के साथ-साथ इतिहास के प्रति जिम्मेदारी का भी ध्यान रखना चाहिए।''


श्रीनगर में फिल्म फेस्टिवल के आयोजन पर अकबर खान ने कहा, ''श्रीनगर और पूरा कश्मीर अपने आप में एक अद्भुत स्थान है। यदि यहां इसी तरह जुनून और गंभीरता के साथ फिल्म फेस्टिवल आयोजित होते रहे, तो यह आयोजन भविष्य में विश्व के बड़े फिल्म फेस्टिवल्स के साथ अपनी अलग पहचान बना सकता है। यह कांस फिल्म फेस्टिवल को भी पीछे छोड़ सकता है। यह मेरी व्यक्तिगत राय है।''


अकबर खान ने जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला की भी सराहना की। उन्होंने कहा, ''फारूक अब्दुल्ला एक विद्वान, साहित्य प्रेमी और दूरदर्शी नेता हैं। वह ऐसे भारत की कल्पना करते हैं, जहां विभिन्न जातियों, धर्मों और समुदायों के लोग एक साथ रहें। वहीं, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला जिस तरह जम्मू-कश्मीर के राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक मुद्दों पर अपनी बात रखते हैं, वह प्रभावशाली है।''


OTT