क्या आप तैयार हैं? 'रक्तांचल सीजन 3' में लौट रहे हैं पुराने किरदार और नई चुनौतियाँ!
रक्तांचल सीजन 3 का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज
मुंबई, 10 जुलाई। वेब सीरीज की दुनिया में कुछ ऐसे किरदार होते हैं, जो कहानी खत्म होने के बाद भी दर्शकों के मन में गहराई से बस जाते हैं। 'रक्तांचल' भी एक ऐसी क्राइम-ड्रामा सीरीज है, जिसने अपने प्रभावशाली पात्रों, गैंगवार और पूर्वांचल की राजनीति से जुड़ी कहानी के कारण एक अलग पहचान बनाई है। अब, इस लोकप्रिय सीरीज का तीसरा सीजन रिलीज के लिए तैयार है।
इस नए सीजन में पुराने किरदार भी वापसी कर रहे हैं। अभिनेता निकितिन धीर एक बार फिर वसीम खान के रूप में नजर आएंगे।
निकितिन धीर ने कहा, ''वसीम खान जैसे जटिल किरदार को दोबारा निभाना मेरे लिए बहुत संतोषजनक है। यह एक ऐसा किरदार है, जो हर जगह अपनी उपस्थिति दर्ज कराता है। इस बार उसे अपनी सबसे बड़ी चुनौती का सामना करना होगा। पिछले दो सीजन से चल रही दुश्मनी इस बार एक नए स्तर पर पहुंचने वाली है। मुझे पूरा विश्वास है कि दर्शकों को इस सीजन के हर मोड़ का आनंद आएगा।''
शुक्रवार को मेकर्स ने 'रक्तांचल सीजन 3' का ट्रेलर भी जारी किया। ट्रेलर में एक बार फिर पूर्वांचल की खूनी दुश्मनी, सत्ता की लड़ाई और बदले की आग को दर्शाया गया है। कहानी की शुरुआत विजय सिंह की वापसी से होती है, जो चार साल तक छिपकर रहने के बाद अपने पुराने दुश्मन वसीम खान से बदला लेने लौटता है। दोनों के बीच का टकराव पहले से कहीं अधिक खतरनाक नजर आ रहा है। ट्रेलर में कई शानदार एक्शन सीन भी शामिल हैं।
विजय सिंह का किरदार निभाने वाले अभिनेता क्रांति प्रकाश झा ने भी अपनी वापसी पर खुशी व्यक्त की है। उन्होंने कहा, ''विजय सिंह हमेशा अपने हौसले और मजबूत इरादों के लिए जाना जाता है। इतने सालों बाद इस किरदार में लौटना मेरे लिए एक विशेष अनुभव रहा। इस बार विजय सिंह को ऐसे हालात का सामना करना होगा, जहां हर कदम पर उसकी परीक्षा होती है। इस सीजन में दर्शकों को जबरदस्त रोमांच देखने को मिलेगा और पूरी कहानी फ्रेंचाइजी के सबसे बड़े मुकाबले की ओर बढ़ेगी।''
'रक्तांचल सीजन 3' का निर्देशन रितम श्रीवास्तव ने किया है, जबकि इसकी कहानी सिद्धार्थ मिश्रा ने लिखी है। इस बार भी कहानी पूर्वांचल की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जहां सत्ता, बदला, महत्वाकांक्षा, बदलते रिश्ते और विश्वासघात की कहानी दिखाई जाएगी।
इस सीजन में निकितिन धीर और क्रांति प्रकाश झा के अलावा करण पटेल, माही गिल, राजेश कुमार और विक्रम कोचर भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।
'रक्तांचल सीजन 3' का प्रीमियर 16 जुलाई को अमेजन एमएक्स प्लेयर पर होगा।
.png)