क्या आप जानते हैं 'चित्रपताका मराठी फिल्म फेस्टिवल' के दूसरे संस्करण में क्या खास होगा?
दूसरा संस्करण 15 से 18 नवंबर को मुंबई में
मुंबई, 26 अक्टूबर। महाराष्ट्र के सांस्कृतिक मामलों के मंत्री आशीष शेलार ने 'चित्रपताका मराठी फिल्म फेस्टिवल' के दूसरे संस्करण की जानकारी दी है। यह महोत्सव 15 से 18 नवंबर 2026 तक मुंबई के प्रभादेवी में रवींद्र नाट्य मंदिर और पीएल देशपांडे महाराष्ट्र कला अकादमी में आयोजित किया जाएगा।
इस महोत्सव का आयोजन महाराष्ट्र सरकार के सांस्कृतिक मामलों के विभाग के सहयोग से महाराष्ट्र फिल्म, स्टेज एंड कल्चरल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन द्वारा किया जा रहा है। इस साल, 41 मराठी फिल्मों का प्रदर्शन, पैनल चर्चाएं, साक्षात्कार, मास्टरक्लास और अन्य गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
आशीष शेलार ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि मराठी सिनेमा की ताकत को देखते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए यह महोत्सव शुरू किया गया था। पहले संस्करण को दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली थी।
उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की पहलों को जारी रखना चाहिए ताकि मराठी सिनेमा की सांस्कृतिक और कलात्मक महत्वता को उजागर किया जा सके। यह महोत्सव फिल्म निर्माताओं, मीडिया प्रतिनिधियों, विद्वानों और सिनेमा प्रेमियों के बीच संवाद को बढ़ावा देगा।
इस वर्ष कुल 41 मराठी फिल्मों की स्क्रीनिंग होगी, जिसमें पांच क्लासिक फिल्में और 36 नई फिल्में शामिल हैं, जो विभिन्न समारोहों में सराही गई हैं।
मंत्री ने बताया कि राज्य में सूखे की स्थिति को देखते हुए इस महोत्सव से होने वाली आय मुख्यमंत्री राहत कोष में जमा की जाएगी। महोत्सव का आयोजन बिना किसी अनावश्यक दिखावे के किया जाएगा, जिसमें फिल्म निर्माण की कला को प्राथमिकता दी जाएगी। चारों दिनों के लिए पंजीकरण शुल्क 100 रुपए प्रति व्यक्ति रखा गया है।
कॉरपोरेशन की प्रबंध निदेशक स्वाति म्हासे-पाटिल ने बताया कि पहले संस्करण में 2,000 से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया था और लगभग 7,500 लोग शामिल हुए थे।
फिल्मों की स्क्रीनिंग के अलावा, पांच पैनल चर्चाएं, विशेष साक्षात्कार और मास्टरक्लास भी आयोजित किए जाएंगे। महोत्सव स्थल पर एक विशेष प्रदर्शनी भी होगी, जो मराठी सिनेमा के एक सदी के सफर को दर्शाएगी।
इस साल का मुख्य आकर्षण 'बुक टू स्क्रीन' पहल होगी, जिसमें मराठी पुस्तकों के लेखकों और प्रकाशकों को फिल्म निर्माताओं से बातचीत का मौका मिलेगा। इसके साथ ही 'युवाओं की नजर से महाराष्ट्र' विषय पर लघु फिल्म प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी।
.png)