अर्जुन रामपाल ने 'रामायण: पार्ट वन' पर जताया गर्व, बेटे ने बताया नया सुपरहीरो!
अर्जुन रामपाल का उत्साह 'रामायण: पार्ट वन' के लिए
मुंबई, 4 नवंबर। अभिनेता अर्जुन रामपाल ने अपनी आगामी फिल्म 'रामायण: पार्ट वन' के प्रति गर्व और उत्साह व्यक्त किया है। उन्होंने साझा किया कि उनके बेटे ने घर पर भगवान राम की मूर्ति लाकर उसे अपना नया पसंदीदा सुपरहीरो बताया है।
अर्जुन ने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर साझा की, जिसमें उनका बेटा भगवान राम की मूर्ति के साथ नजर आ रहा है।
अर्जुन ने कहा कि उन्हें खुशी है कि नई पीढ़ी जल्द ही इस महाकाव्य से परिचित होगी और उन्होंने फिल्म की टीम को इस विशाल कहानी को पर्दे पर लाने के लिए बधाई दी।
उन्होंने लिखा, "राम जी आए रामपाल के घर। मेरे बेटे ने भगवान राम की मूर्ति लाकर कहा कि ये उसके नए पसंदीदा सुपरहीरो हैं। कल पूरी दुनिया और एक नई पीढ़ी रामायण से परिचित होंगी।"
अर्जुन ने आगे कहा, "'रामायण: पार्ट वन' की अद्भुत टीम का धन्यवाद, जिन्होंने हर कलाकार, फिल्म निर्माता और अभिनेता के उस सपने को साकार किया है, जो इस महाकाव्य की कहानी को बड़े पैमाने पर बताने की बात करते रहे हैं। मुझे गर्व महसूस हो रहा है। अपने परिवार के साथ इसे देखने का बेसब्री से इंतजार है। पूरी दुनिया हमारी इस कहानी को देखे, इसका इंतजार है। टीम 'रामायण: पार्ट वन' को बधाई, आप सभी को ढेर सारी सफलता मिले। जय श्री राम।"
नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम और साई पल्लवी माता सीता के रूप में नजर आएंगे। इसके अलावा, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में दिखेंगे। 'रामायण' का पहला भाग 5 नवंबर को वैश्विक स्तर पर सिनेमाघरों में रिलीज होगा। वहीं, इसका दूसरा भाग 2027 में दीपावली पर रिलीज करने की योजना है। यह फिल्म भारत में हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम में प्रदर्शित होगी.
.png)