अरिजीत सिंह का जाजपुर दौरा: ऐतिहासिक महल और मंदिर की अद्भुत यात्रा!
अरिजीत सिंह का जादुई अनुभव
जाजपुर, 30 दिसंबर। प्रसिद्ध गायक अरिजीत सिंह हाल ही में ओडिशा के जाजपुर जिले में स्थित ऐतिहासिक मधुपुर राजबाड़ी का दौरा करने पहुंचे। उन्होंने इस शाही महल की प्राचीन वास्तुकला, सांस्कृतिक धरोहर और प्राकृतिक सौंदर्य को देखकर खुद को मंत्रमुग्ध पाया। उनकी यात्रा को उन्होंने बेहद शानदार बताया।
अरिजीत अपने परिवार और संगीत सहयोगियों के साथ राजबाड़ी पहुंचे, जहां मौजूदा रानी अपर्णा धीर सिंह भारद्वाज ने उन्हें अपने पति और दो बेटियों के साथ स्वागत किया। रानी ने महल के इतिहास, शाही विरासत और इसकी डिजाइन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अरिजीत महल की अद्भुत कारीगरी और सौंदर्य से गदगद नजर आए।
महल के दौरे के बाद, अरिजीत ने मधुपुर जगन्नाथ मंदिर का भी दौरा किया और भगवान जगन्नाथ के दर्शन किए। इस मंदिर की वास्तुकला पुरी के प्रसिद्ध जगन्नाथ मंदिर से काफी मिलती-जुलती है। उन्होंने स्थानीय अनुभव के लिए स्कूटर से यात्रा की और मंदिर में भगवान के समक्ष मत्था टेका। मंदिर के शांत और आध्यात्मिक वातावरण की उन्होंने सराहना की।
अरिजीत ने इस यात्रा को एक अद्भुत और अविस्मरणीय अनुभव बताया। उन्होंने कहा, “मुझे इस स्थान के बारे में सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली। इसकी सुंदरता, इतिहास और शांति ने मुझे बहुत प्रभावित किया, और मैं यहां के आकर्षण और खूबसूरती की ओर खींचा चला आया। यह सच में शानदार और भव्य है। यहां आकर मुझे बहुत अच्छा लग रहा है।”
मधुपुर राजबाड़ी (गढ़मधुपुर) ओडिशा के जाजपुर जिले में स्थित एक ऐतिहासिक शाही महल है, जो अपनी भव्य वास्तुकला, जटिल नक्काशी और शांत प्राकृतिक वातावरण के लिए जाना जाता है। वर्तमान में रानी अपर्णा धीर सिंह भारद्वाज अपने परिवार के साथ यहां निवास करती हैं। सोशल मीडिया पर इसकी लोकप्रियता के बाद यह एक प्रमुख हेरिटेज टूरिज्म स्पॉट बन गया है।
.png)