Movie prime

2026 में दर्शकों का दिल जीतने आ रही हैं ये शानदार फिल्में!

नया साल 2026 दर्शकों के लिए कई बेहतरीन फिल्मों का वादा करता है। बॉलीवुड और साउथ इंडस्ट्री की प्रमुख फिल्में जैसे 'रामायण', 'किंग', और 'धुरंधर 2' जल्द ही सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली हैं। इन फिल्मों में बड़े सितारे और दिलचस्प कहानियाँ हैं, जो फैंस को उत्साहित कर रही हैं। जानें और कौन सी फिल्में इस साल रिलीज होंगी और दर्शकों का दिल जीतने के लिए तैयार हैं।
 
2026 में दर्शकों का दिल जीतने आ रही हैं ये शानदार फिल्में!

बॉलीवुड और साउथ की धमाकेदार फिल्में


मुंबई, 2 जनवरी। नया साल 2026 शुरू हो चुका है और इस वर्ष दर्शकों को कई बेहतरीन फिल्मों का इंतजार है। बॉलीवुड और साउथ इंडस्ट्री की कई प्रमुख फिल्में जल्द ही सिनेमाघरों में प्रदर्शित होने वाली हैं। इन फिल्मों के बारे में चर्चा सोशल मीडिया पर तेज हो गई है, और फैंस हर नई जानकारी पर नजर बनाए हुए हैं।


'रामायण': इस महाकाव्य फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि रावण का किरदार रॉकिंग स्टार यश निभाएंगे। नीतेश तिवारी के निर्देशन में बन रही यह फिल्म भारतीय सिनेमा की सबसे भव्य परियोजनाओं में से एक मानी जा रही है, जिसका बजट लगभग 4,000 करोड़ रुपये है। यह कहानी भगवान राम के जीवन, उनके संघर्ष और रावण के साथ हुए महायुद्ध पर आधारित है। फैंस इस फिल्म को आधुनिक तकनीक और बड़े सितारों के साथ देखने के लिए बेहद उत्सुक हैं।


'किंग': शाहरुख खान की आगामी फिल्म 'किंग' का भी दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस फिल्म में शाहरुख के साथ उनकी बेटी सुहाना खान भी नजर आएंगी। कहानी एक शक्तिशाली, लेकिन भावनात्मक किरदार के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसमें पिता और बेटी के रिश्ते को भी महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है। 2023 में लगातार तीन हिट देने के बाद शाहरुख की वापसी को लेकर फैंस पहले से ही उत्साहित हैं।


'धुरंधर 2': रणवीर सिंह की 'धुरंधर' का बॉक्स ऑफिस पर जलवा जारी है, और दर्शकों को इसकी कहानी और एक्शन बहुत पसंद आ रहा है। ऐसे में सभी इसके दूसरे भाग का इंतजार कर रहे हैं, जो इस साल रिलीज होगा। इसमें कहानी और भी बड़े स्तर पर दिखाई जाएगी, जिसमें सत्ता, बदला और अपराध की दुनिया को दर्शाया जाएगा। रणवीर सिंह के साथ अक्षय खन्ना का दमदार विलेन अवतार भी इस फिल्म को खास बनाता है।


'राहु केतु': हिंदी फैंटेसी कॉमेडी 'राहु केतु' का भी दर्शकों को इंतजार है। जी स्टूडियोज और बीलाइव प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्देशन विपुल विग ने किया है। इसमें पुलकित सम्राट, वरुण शर्मा और शालिनी पांडे मुख्य भूमिकाओं में हैं। इसके अलावा, चंकी पांडे, अमित सियाल और मनु ऋषि चड्ढा भी महत्वपूर्ण किरदारों में नजर आएंगे। राहु और केतु जैसे छाया ग्रहों की पौराणिक मान्यताओं पर आधारित इस फिल्म में 'फुकरे' की तरह भरपूर कॉमेडी सीन हैं।


'टॉक्सिक': रॉकिंग स्टार यश की फिल्म 'टॉक्सिक' भी 2026 में धमाल मचाने के लिए तैयार है। यह फिल्म केजीएफ के बाद यश की बड़ी वापसी मानी जा रही है। कहानी एक ऐसे व्यक्ति की है, जो समाज के काले सच और सत्ता के खेल से टकराता है। फिल्म में यश का अलग और गंभीर अंदाज देखने को मिलेगा। फैंस इस फिल्म में यश के नए और अलग किरदार को देखने के लिए बेहद उत्साहित हैं।


'जन नायगन': तमिल सुपरस्टार थलपति विजय की आखिरी फिल्म 'जन नायगन' भी इस साल रिलीज होगी। कहा जा रहा है कि इस फिल्म के बाद विजय राजनीति में कदम रखेंगे। यही वजह है कि उनके फैंस इस फिल्म को भावनात्मक रूप से खास मान रहे हैं। कहानी एक आम आदमी की है, जो समाज के लिए लड़ता है और लोगों की आवाज बनता है।


'द राजा साब': प्रभास की फिल्म 'द राजा साब' भी पोंगल के मौके पर रिलीज होने वाली है। इस फिल्म में प्रभास एक रहस्यमय और एक्शन से भरे किरदार में नजर आएंगे। फिल्म में संजय दत्त जैसे अनुभवी कलाकार भी हैं, जिससे कहानी और मजबूत बनती है। इस फिल्म को लेकर भी दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है।


--


OTT