हेमा मालिनी ने नीना गुप्ता की 'आचारी बा' की की तारीफ, जानें क्यों है यह फिल्म खास!
हेमा मालिनी की फिल्म 'आचारी बा' पर प्रतिक्रिया
मुंबई, 28 मार्च। मथुरा की सांसद बनने के बाद, बॉलीवुड की ड्रीम गर्ल हेमा मालिनी ने फिल्मों के बारे में कम बात की है, लेकिन हाल ही में उन्होंने एक विशेष फिल्म की सराहना की है, जो पिछले साल ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज हुई थी। उन्होंने अभिनेत्री नीना गुप्ता की फिल्म 'आचारी बा' की प्रशंसा की और दर्शकों से आग्रह किया कि ऐसी प्रेरणादायक फिल्मों को अवश्य देखें।
हेमा मालिनी ने सोशल मीडिया पर साझा करते हुए कहा कि 'आचारी बा' की कहानी महिला सशक्तीकरण और दृढ़ संकल्प का एक बेहतरीन उदाहरण है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर फिल्म का पोस्टर साझा करते हुए लिखा, "हाल ही में मैंने 'आचारी बा' देखी, जो एक महिला के दृढ़ संकल्प और सशक्तीकरण की दिल को छू लेने वाली कहानी है। सरल और प्रभावशाली प्रस्तुति। मैं कलाकारों और टीम को शुभकामनाएं देती हूं। नीना गुप्ता ने शानदार अभिनय किया है और उनके साथ उनका प्यारा गोल्डन रिट्रीवर साथी था। यह फिल्म अवश्य देखने लायक है।"
'आचारी बा' 14 मार्च 2025 को होली के अवसर पर जियो प्लस हॉटस्टार पर रिलीज की गई थी। फिल्म की कहानी को रिलीज के समय भी बहुत सराहा गया था, क्योंकि इसमें नीना गुप्ता ने तेज-तर्रार मंजू देवी से सीधी-साधी आचारी बेन का किरदार निभाया, जो अपनी पहचान के लिए बेटे को छोड़ने का निर्णय लेती है।
फिल्म की कहानी एक मध्यवर्गीय परिवार की है, जिसमें नीना देवी यानी आचारी बा गांव में आचार बनाकर अपना जीवन यापन करती हैं, जबकि उनका बेटा मुंबई में रहता है। एक दिन अचानक बेटा मां को लेने आता है और उसे अपने साथ 10 दिन रहने का प्रस्ताव देता है। बाद में आचारी बा को पता चलता है कि उसे घर में कुत्ते की देखभाल के लिए लाया गया है। इसी उधेड़बुन में सोशल मीडिया के माध्यम से आचारी बा प्रसिद्ध हो जाती हैं और कुकिंग कॉम्पीटिशन जीत जाती हैं। फिल्म में कई भावनात्मक उतार-चढ़ाव हैं, जिनका अनुभव फिल्म देखने के बाद ही किया जा सकता है।
यह फिल्म जियो प्लस हॉटस्टार पर उपलब्ध है, और इसमें नीना गुप्ता के बेटे का किरदार वत्सल सेठ ने निभाया है।
.png)